अफगान सरकार का आरोप, पाकिस्तान के इशारे पर हुआ स्पिन बोल्डक में सामूहिक नरसंहार
स्पिन बोल्डक वही स्थान है जहां पर भारतीय पत्रकार दानिश सिद्दीकी की हत्या कर दी गई थी। इस शहर पर पिछले सप्ताह तालिबान ने कब्जा कर लिया था। फ्रांस 24 ने एक वीडियो भी जारी किया है जिसमें तालिबानी आतंकी तोड़फोड़ और लूटपाट कर रहे हैं।
वाशिंगटन, एजेंसी। तालिबान ने अफगानिस्तान में हावी होने के बाद ईद के पवित्र त्योहार पर पाक सीमा से लगे शहर स्पिन बोल्डक में सौ नागरिकों का कत्लेआम करके खूनी खेल शुरू कर दिया है। इस नरसंहार के दौरान निर्दोष नागरिकों के साथ लूटपाट और घृणित कार्य किए गए। अफगान सरकार ने कहा है कि तालिबान ने अपने आका पाकिस्तान के इशारे पर यह जघन्य कांड किया है। इधर, तालिबानी आतंकियों पर अमेरिकी सेना ने हवाई हमले शुरू कर दिए हैं।
स्पिन बोल्डक पाकिस्तान की सीमा से लगा एक व्यावसायिक शहर है। टोलो न्यूज ने सूत्रों के हवाले से खबर दी है कि आतंकियों ने यहां पूरे शहर में कोहराम मचा दिया है। शहर के आसपास अभी भी शव प़़डे दिखाई दे रहे हैं। कम से कम सौ लोगों की हत्या को अंजाम दिया गया। इस दौरान आतंकियों ने यहां भीषषण लूटपाट व अन्य जघन्य कार्य किए। बच्चों का भी बेरहमी से कत्ल कर दिया।
अफगानिस्तान के गृह मंत्रालय ने इस नरंसहार की पुष्टि की है। आंतरिक मंत्रालय के प्रवक्ता मीरवाइज स्टेनकजई ने कहा है कि आतंकियों ने अपने आकाओं (पाकिस्तान) के इशारे पर इस क्रूर घटना को अंजाम दिया है। उन्होंने कहा कि यह दुश्मन के असली चेहरे को उजागर करता है। स्पिन बोल्डक वही स्थान है, जहां पर भारतीय पत्रकार दानिश सिद्दीकी की हत्या कर दी गई थी। इस शहर पर पिछले सप्ताह तालिबान ने कब्जा कर लिया था। फ्रांस 24 ने एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें तालिबानी आतंकी तोड़फोड़ और लूटपाट कर रहे हैं। तालिबान ने नागरिकों की हत्या में शामिल होने से इन्कार किया है।
प्रेट्र के अनुसार, अफगान सेना पर निरंतर हावी होते जा रहे तालिबान को थामने के लिए वापसी कर रही अमेरिकी सेना ने ताबड़तोड़ हवाई हमले शुरू कर दिए हैं। इन हमलों की पुष्टि अमेरिका के रक्षा विभाग पेंटागन ने भी की है। पेंटागन के प्रवक्ता जान किर्बी ने बताया कि मैं इस संबंध में पूरा विवरण नहीं दे सकता, लेकिन हमने अफगान सुरक्षा बलों की मदद करने के लिए हवाई हमले किए हैं। उन्होंने कहा कि सेना की वापसी के बीच भी हम हवाई हमले करने में सक्षम हैं। अफगानिस्तान में तैनात सेंट्रल कमांड के जनरल मैकेंजी हवाई हमले करने के लिए पूरी तरह अधिकृत और सक्षम हैं।
सीएनएन के अनुसार एक रक्षा अधिकारी ने बताया कि पिछले दिनों में छह या सात हवाई हमले तालिबान के ठिकानों पर अमेरिकी सेना ने किए हैं। यह कार्रवाई अमेरिकी ज्वाइंट चीफ आफ स्टाफ के चेयरमैन जनरल मार्क विले के बयान के बाद हुई है। मार्क ने कहा था कि तालिबान ने 419 जिलों में से 212 जिलों पर कब्जा कर लिया है। वह तेजी से अपनी ताकत ब़़ढा रहा है।