अमेरिका: बाइडन प्रशासन में 20 भारतीय-अमेरिकी शामिल, 17 प्रमुख पदों पर नामित

अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडन के प्रशासन में 20 भारतीय-अमेरिकियों को भी नामित किया है। ये पहली बार है कि किसी राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण से पहले इतनी अधिक संख्या में भारतीय-अमेरिकियों को नियुक्त किया गया है।

By Manish PandeyEdited By: Publish:Sun, 17 Jan 2021 02:36 PM (IST) Updated:Sun, 17 Jan 2021 02:36 PM (IST)
अमेरिका: बाइडन प्रशासन में 20 भारतीय-अमेरिकी शामिल, 17 प्रमुख पदों पर नामित
20 भारतीय-अमेरिकियों में से कम से कम 17 लोग व्हाइट हाउस में अहम पद दिया गया है।

वाशिंगटन, पीटीआइ। अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडन के शपथ ग्रहण में 100 घंटे से भी कम का समय बचा है। खास बात यह है कि बाइडन ने अपने प्रशासन में अहम पदों पर 13 महिलाओं समेत कम से कम 20 भारतीय-अमेरिकियों को नामित किया है। इन 20 भारतीय-अमेरिकियों में से कम से कम 17 लोग व्हाइट हाउस में अहम पद दिया गया है।

यह पहली बार है, जब शपथ ग्रहण समारोह से पहले किसी राष्ट्रपति के प्रशासन में इतनी अधिक संख्या में भारतीय-अमेरिकियों को नामित किया गया है। अमेरिका की कुल आबादी का एक प्रतिशत भारतीय-अमेरिकी हैं और इस छोटे समुदाय से किसी प्रशासन में पहली बार इतनी अधिक संख्या में लोगों को नियुक्त किया जाएगा।

बाइडन 20 जनवरी को अमेरिका के 46वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे और इसी दिन कमला हैरिस शपथ ग्रहण करके देश की पहली महिला उपराष्ट्रपति के रूप में कार्यभार संभालेंगी। हैरिस अमेरिका में भारतीय मूल की पहली उपराष्ट्रपति होंगी। वह यह कार्यभार संभालने वाली पहली अफ्रीकी-अमेरिकी भी होंगी।

इस सूची में सबसे ऊपर नीरा टंडन हैं। बाइडन प्रशासन में व्हाइट हाउस कार्यालय के प्रबंधन एवं बजट के निदेशक के तौर नामित किया गया है, जबकि अमेरिकी सर्जन जनरल के तौर पर डॉ. मूर्ति को नामित किया गया है। वनीता गुप्ता को विधि मंत्रालय की एसोसिएट अटॉर्नी जनरल नामित किया गया है। बाइडन ने शनिवार को विदेश सेवा की पूर्व अधिकारी उजरा जेया को असैन्य सुरक्षा, लोकतंत्र एवं मानवाधिकार के लिए अवर विदेश मंत्री नियुक्त किया।

इंडियासपोरा के संस्थापक एम आर रंगास्वामी ने पीटीआइ को बताया, 'भारतीय-अमेरिकी समुदाय ने लोक सेवा के लिए पिछले कई वर्षों में जो समर्पण दिखाया है, उसे इस प्रशासन की शुरुआत में ही मान्यता मिल रही है। मैं खासकर इस बात से खुश हूं कि इनमें महिलाओं की संख्या अधिक है।

इसके अलावा व्हाइट हाउस में पहली बार तीन अन्य दक्षिण एशियाई लोगों को अहम पदों पर नामित किया गया है। पाकिस्तानी अमेरिकी अली जैदी को व्हाइट हाउस उप राष्ट्रीय जलवायु सलाहकार, श्रीलंकाई-अमेरिकी रोहिणी कोसोग्लु को उपराष्ट्रपति की घरेलू नीति सलाहकार और जायन सिद्दिकी को व्हाइट हाउस डिप्टी चीफ ऑफ स्टाफ का वरिष्ठ सलाहकार नियुक्त किया गया है।

chat bot
आपका साथी