West Bengal Politics : शुभेंदु तृणमूल में ही हैं, संगठित होकर लड़ेंगे आगामी विधानसभा चुनाव : सौगत राय

शुभेंदु के पार्टी छोड़ने की अटकलों पर विराम लगाने का प्रयास। सोमवार को तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ सांसद सौगत राय ने शुभेंदु के साथ बैठक भी की थी हालांकि इसमें कोई हल नहीं निकला था। तृणमूल सांसद ने शुभेंदु पर स्थिति स्पष्ट करने के साथ भाजपा पर भी निशाना साधा।

By Vijay KumarEdited By: Publish:Tue, 24 Nov 2020 09:31 PM (IST) Updated:Tue, 24 Nov 2020 09:31 PM (IST)
West Bengal Politics : शुभेंदु तृणमूल में ही हैं, संगठित होकर लड़ेंगे आगामी विधानसभा चुनाव : सौगत राय
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हर महीने बंगाल दौरे का सवाल उठाए।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता : बंगाल के कद्दावर मंत्री शुभेंदु अधिकारी इन दिनों पार्टी नेतृत्व व सरकार से लगातार नाराज चल रहे हैं। वहीं, शुभेंदु को मनाने व उनके पार्टी छोड़ने की अटकलों पर विराम लगाने का तृणमूल लगातार प्रयास कर रही है। सोमवार को तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ सांसद सौगत राय ने शुभेंदु के साथ बैठक भी की थी, हालांकि इसमें कोई हल नहीं निकला था। इस बीच मंगलवार को सांसद सौगत राय ने कहा कि शुभेंदु तृणमूल में ही हैं और पार्टी संगठित होकर आगामी विधानसभा चुनाव लड़ेगी। 

मेरे पास बोलने के लिए नया कुछ नहीं 

तृणमूल भवन में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता राय ने कहा कि शुभेंदु को लेकर मेरे पास बोलने के लिए नया कुछ नहीं है। वह तृणमूल में ही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि शुभेंदु ने भी पार्टी के खिलाफ अभी तक कुछ नहीं कहा है। 

शुभेंदु दफ्तर भी गए थे और काम किया 

यह पूछे जाने पर कि पार्टी में सब कुछ ठीक है तो आखिर परिवहन मंत्री शुभेंदु के साथ बैठक क्यों करना पड़ रहा है, इस पर उन्होंने कहा कि हम इसका उत्तर नहीं दे सकते हैं। राय ने कहा कि एक दिन पहले शुभेंदु परिवहन दफ्तर भी गए थे और काम किया है। 

बंगाल में ऐसा करने में सफल नहीं होंगे

तृणमूल सांसद ने शुभेंदु पर स्थिति स्पष्ट करने के साथ भाजपा पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केंद्र की बात पर नहीं चलने पर वह सरकार को स्थिर करने की कोशिश करते हैं, लेकिन बंगाल में वह ऐसा करने में सफल नहीं होंगे। 

कटाक्ष-भाजपा अध्यक्ष पहले बंगाल समझें

वहीं, आगामी विधानसभा चुनाव तक भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हर महीने बंगाल दौरे को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश जैसे छोटे राज्य से नड्डा आए हैं, जहां मात्र चार लोकसभा सीटें हैं। कटाक्ष करते हुए कहा कि वह (नड्डा) बंगाल में अपना परामर्श देंगे जहां 42 लोकसभा सीटें हैं। उन्होंने नसीहत दी कि भाजपा अध्यक्ष पहले बंगाल को समझें। 

यहां सीमा की सुरक्षा को लेकर करेंगे बात 

तृणमूल सांसद ने यह भी कहा कि ये लोग प्रवासी पक्षी की तरह घूमने यहां आते हैं। वहीं, शाह के इस महीने की शुरुआत में बंगाल दौरे को लेकर राय ने कहां कि हम लोग सोचे थे कि वह यहां सीमा की सुरक्षा को लेकर बात करेंगे। नेपाल में भारत विरोधी गतिविधियों को लेकर कुछ कहेंगे। लेकिन, उन्होंने बांकुड़ा में एक शिकारी की मूर्ति पर माला चढ़ाने के साथ आदिवासी के घर में खाना खाने का नाटक किया। 

मतुआ समुदाय कार्यकर्ता के घर खाना खाया

कोलकाता में मतुआ समुदाय के कार्यकर्ता के घर भी खाना खाया। उन्होंने कहा कि यह सब दिखावा व फोटो स्टंट है। उन्होंने यह भी दावा किया कि अमित शाह गृह मंत्री पद की मर्यादा का मान नहीं रख रहे हैं।

गलत खबर व झूठ फैलाने के चैंपियन : राय

वहीं, अमित शाह द्वारा बंगाल में 200 सीटें जीतने के लक्ष्य के बारे में तृणमूल सांसद ने कहा कि उनका यह सपना कभी पूरा नहीं होगा। राय ने यह भी कहा कि भाजपा को आइटी सेल के लोगों को बुलाना पड़ रहा है, जो गलत खबर व झूठ फैलाने के चैंपियन हैं। उनका इशारा भाजपा आइटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय की ओर था।

chat bot
आपका साथी