बंगाल में तृणमूल कांग्रेस संगठन अपने दरवाजे खोल देता है, तो भगवा खेमा कुछ ही समय में ढह जाएगा : अभिषेक बनर्जी

बंगाल में तृणमूल कांग्रेस से कई नेताओं के भाजपा में जाने के बीच राज्य की सत्ताधारी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने गुरुवार को कहा कि अगर उनका संगठन अपने दरवाजे खोल देता है तो भगवा खेमा कुछ ही समय में ढह जाएगा।

By Vijay KumarEdited By: Publish:Thu, 23 Sep 2021 08:40 PM (IST) Updated:Thu, 23 Sep 2021 08:40 PM (IST)
बंगाल में तृणमूल कांग्रेस संगठन अपने दरवाजे खोल देता है, तो भगवा खेमा कुछ ही समय में ढह जाएगा : अभिषेक बनर्जी
शमशेरगंज निर्वाचन क्षेत्र में एक रैली में अभिषेक बनर्जी

राज्य ब्यूरो, कोलकाता : बंगाल में तृणमूल कांग्रेस से कई नेताओं के भाजपा में जाने के बीच राज्य की सत्ताधारी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने गुरुवार को कहा कि अगर उनका संगठन अपने दरवाजे खोल देता है, तो भगवा खेमा कुछ ही समय में ढह जाएगा। मुर्शिदाबाद जिले के शमशेरगंज निर्वाचन क्षेत्र में एक रैली में बनर्जी ने दावा किया कि भाजपा नेता, ज्यादातर विधायक, टीएमसी कार्यालय के सामने कतार में लगे हुए हैं, जिसके दरवाजे बंद हैं। उन्होंने कहा कि हमने दरवाजे बंद रखे हैं। अगर दरवाजे खुले तो भाजपा निश्चित रूप से ढह जाएगी।

डायमंड हार्बर के सांसद ने कहा कि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पार्टी ने मार्च-अप्रैल में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान 'बाहरी लोगों' को भगा दिया और वह आगामी चुनावों में फिर से ऐसा करेगी। बनर्जी ने कहा कि इन बाहरी लोगों को फिर से सबक सिखाने की जरूरत है। आगामी चुनावों में भगवा पार्टी की हार होगी। सांसद ने यह भी आरोप लगाया कि त्रिपुरा में भाजपा सरकार ने उन्हें रैलियां करने से रोकने के लिए आपराधिक प्रक्रिया संहिता की धारा 144 के तहत प्रतिबंध लगा दिया है।

केंद्रीय एजेंसियों से नहीं डरेंगे

अभिषेक बनर्जी ने कहा कि वह केंद्रीय जांच एजेंसियों से नहीं डरेंगे। प्रवर्तन निदेशालय ( ईडी) ने उन्हें 15 दिनों में पांच नोटिस दिए हैं। लेकिन 500 नोटिस देने पर भी वे उनका सिर नहीं झुका पाएंगी।

भाजपा को सिर्फ टीएमसी हरा सकती है, कांग्रेस नहीं

इस अवसर पर अभिषेक बनर्जी ने भाजपा पर जमकर हमला बोला। अभिषेक ने कहा कि कांग्रेस का गुप्त समझौता है। माकपा के साथ कांग्रेस ने गंठबंधन किया और इसका परिणाम सभी ने देखा और लोगों ने जवाब दिया। अभिषेक ने कहा कि कांग्रेस भाजपा का मुकाबला नहीं कर सकती। भाजपा को सिर्फ तृणमूल ही हरा सकती है, कांग्रेस नहीं।

तृणमूल में शामिल हुए मैनुल हक

बंगाल में कांग्रेस को एक बार फिर से बड़ा झटका लगा है। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी की उपस्थिति में गुरुवार को मुर्शिदाबाद जिले के जंगीपुर में आयोजित रैली में बंगाल के फरक्का विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के पूर्व विधायक और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व राष्ट्रीय सचिव मैनुल हक तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए।

chat bot
आपका साथी