12 करोड़ की धोखाधड़ी के मामले में ट्रापिकल मेडिसिन का डाक्टर गिरफ्तार, कंपनी में निवेश के नाम पर लिए थे रुपये

कलकत्ता स्कूल ऑफ ट्रापिकल मेडिसिन के डाक्टर को 12 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार डाक्टर का नाम उत्तम कुमार लेंका है। प्रगति मैदान थाने की पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है।

By Vijay KumarEdited By: Publish:Tue, 30 Nov 2021 05:16 PM (IST) Updated:Tue, 30 Nov 2021 10:58 PM (IST)
12 करोड़ की धोखाधड़ी के मामले में ट्रापिकल मेडिसिन का डाक्टर गिरफ्तार, कंपनी में निवेश के नाम पर लिए थे रुपये
धोखाधड़ी के मामले में ट्रापिकल मेडिसिन का डाक्टर गिरफ्तार

राज्य ब्यूरो, कोलकाता : कलकत्ता स्कूल ऑफ ट्रापिकल मेडिसिन के डाक्टर को 12 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार डाक्टर का नाम उत्तम कुमार लेंका है। प्रगति मैदान थाने की पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है। ट्रापिकल मेडिसिन के डाक्टर उत्तम कुमार बाहर भी प्रैक्टिस करते हैं। गिरफ्तार डाक्टर को आज अलीपुर कोर्ट में पेश किया गया।

जांचकर्ताओं के मुताबिक उत्तम कुमार ने भुवनेश्वर की एक कंपनी में निवेश के नाम पर ट्रापिकल मेडिसिन के कुछ अन्य डाक्टरों से 12 करोड़ रुपये लिए थे। उसने ब्याज सहित मोटी रकम लौटाने का वादा किया था। उसने कुछ लोगों को कुछ पैसे वापस दिए लेकिन सभी को पूरा पैसा वापस नहीं दिए।

बताते चले कि अगस्त में दिल्ली के एक डाक्टर पर स्वास्थ्य मंत्रालय में फर्जी पद बताकर एक डाक्टर से 24 लाख रुपये ठगने का आरोप लगा था। धोखाधड़ी करने के बाद आरोपित डाक्टर नवीन कुमार शर्मा कोलकाता के साल्टलेक में छिप गया था। दिल्ली के राजौरी थाने की पुलिस ने आरोपित डाक्टर को साल्टलेक से गिरफ्तार किया है। वह मूल रूप से हरियाणा का रहने वाला है।

नवीन कुमार की दिल्ली के एक डाक्टर से मुलाकात हुई थी। इस दौरान उसने वह बताया कि वह स्वास्थ्य मंत्रालय एक उच्च पद पर काम कर रहा है। दिल्ली निवासी डाक्टर चाहते थे कि उनके लडक़े का पीजी डिप्लोमा के लिए दाखिला मिल जाए। उन्होंने नवीन कुमार से मामले पर चर्चा की। नवीन कुमार ने उनका विश्वास हासिल कर लिया। उसने डाक्टर को आश्वासन दिया कि वह अपने प्रभाव का इस्तेमाल उनके बेटे को डिप्लोमा के लिए भर्ती करा देगा। उसने कहा कि इसके लिए कुछ पैसे की जरूरत होगी। तब डाक्टर ने नवीन कुमार को अलग-अलग बैंक खातों से 24 लाख रुपये दिए।

कथित तौर पर नवीन कुमार ने फिर उनसे संपर्क काट दिया। आरोपित डाक्टर का फोन भी नहीं मिल रहा था। इसके बाद पीडि़त डाक्टर ने दिल्ली के राजौरी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। काफी दिन बाद पुलिस को खबर मिली कि आरोपित डाक्टर कोलकाता के साल्टलेक में छिपा है। इसके बाद बिधाननगर पुलिस से संपर्क किया गया। आरोपित नवीन कुमार शर्मा को साउथ पुलिस की मदद से साल्टलेक से गिरफ्तार किया गया।

chat bot
आपका साथी