West Bengal Politics : तृणमूल विधायक ने बीएसएफ के खिलाफ टिप्पणी कर विवाद छेड़ा

बेतुके बोल- बीएसएफ पर तलाशी की आड़ में महिलाओं को अनुचित तरीके से छूने का लगाया आरोप- भाजपा ने जताई कड़ी प्रतिक्रिया बताया सुरक्षा बलों का अपमान। सुरक्षा बल हमारे राष्ट्र का गौरव हैं। ये टिप्पणियां तृणमूल कांग्रेस विधायक की मानसिकता को प्रदर्शित करती है।

By Vijay KumarEdited By: Publish:Tue, 16 Nov 2021 07:53 PM (IST) Updated:Tue, 16 Nov 2021 09:10 PM (IST)
West Bengal Politics : तृणमूल विधायक ने बीएसएफ के खिलाफ टिप्पणी कर विवाद छेड़ा
इस टिप्पणी पर भाजपा ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे सुरक्षा बलों का अपमान बताया।

 राज्य ब्यूरो, कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं कूचबिहार के दिनहाटा से विधायक उदयन गुहा ने मंगलवार को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) पर तलाशी करने की आड़ में महिलाओं को अनुचित तरीके से छूने का आरोप लगाया और उनकी इस टिप्पणी से विवाद छिड़ गया है। बंगाल विधानसभा में की गई गुहा की इस टिप्पणी पर भाजपा ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे सुरक्षा बलों का अपमान बताया। बीएसएफ का अधिकार क्षेत्र बढ़ाने के केंद्र के कदम के विरोध में एक प्रस्ताव पर विधानसभा में चर्चा के दौरान गुहा ने सीमावर्ती क्षेत्रों में रह रहे लोगों पर अत्याचार करने की बीएसएफ को पूरी छूट मिलने की बात कही।

फिर चाहे भारत माता की जय के नारे क्यों नहीं लगा लें

उन्होंने सदन में कहा, हमने देखा है कि किस तरह के अत्याचार बीएसएफ लोगों पर करता है। एक बच्ची, जिसने देखा है कि उसकी मां को तलाशी की आड़ में अनुचित तरीके से छुआ जाता है, जब वह खेत से लौटेगी तब वह कभी देशभक्त नहीं रह सकती, फिर चाहे आप उनके सामने कितनी ही बार भारत माता की जय के नारे क्यों नहीं लगा लें।

टिप्पणी के खिलाफ नारेबाजी कर कार्यवाही का किया बहिष्कार

ये घटनाएं असामाजिक तत्वों को जन्म देती है। इस पर भाजपा विधायकों ने उनकी टिप्पणी सदन की कार्यवाही के रिकार्ड से हटाने की मांग की, लेकिन विधानसभा अध्यक्ष बिमान बनर्जी ने ऐसा करने से इन्कार कर दिया। इसके बाद भाजपा विधायक इस टिप्पणी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सदन की कार्यवाही का बहिष्कार करते हुए बाहर निकल गए।

टिप्पणी न सिर्फ अस्वीकार्य बल्कि सुरक्षा बलों का अपमान भी

वहीं, गुहा ने बाद में संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने महज सच बोला है। उनके बयान की निंदा करते हुए भाजपा विधायक श्रीरूपा मित्रा चौधरी ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस विधायक की टिप्पणी पूरी तरह से अस्वीकार्य और अवांछित है। उन्होंने कहा, इस तरह की टिप्पणी न सिर्फ अस्वीकार्य है बल्कि हमारे सुरक्षा बलों का अपमान भी है। सुरक्षा बल हमारे राष्ट्र का गौरव हैं। ये टिप्पणियां तृणमूल कांग्रेस विधायक की मानसिकता को प्रदर्शित करती है।

chat bot
आपका साथी