नकारों की पार्टी में तब्दील हो चुकी हैं तृणमूल, इस तरह की राजनीति को लोग कतई स्वीकार नहीं करेंगे: दिलीप घोष

बंगाल भाजपा अध्यक्ष ने सत्तारूढ़ पार्टी पर फिर साधा निशाना कहा-पार्टी में सिर्फ वही लोग हैं जिनके कहीं और जाने की उम्मीद नहीं। घोष ने दुआरे सरकार की आलोचना करते कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पहले भी कई परियोजनाओं की घोषणा की थी लेकिन सुविधा कितने लोगों को मिलीं?

By Vijay KumarEdited By: Publish:Tue, 01 Dec 2020 04:28 PM (IST) Updated:Tue, 01 Dec 2020 04:28 PM (IST)
नकारों की पार्टी में तब्दील हो चुकी हैं तृणमूल, इस तरह की राजनीति को लोग कतई स्वीकार नहीं करेंगे: दिलीप घोष
बाहर से लोग आकर तय कर रहे कौन क्या पहनेगा और क्या खाएगा। बंगाल की राजनीति पहले ऐसी नहीं थी।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता : बंगाल भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने तृणमूल कांग्रेस पर एक बार फिर निशाना साधते हुए उसे 'नकारों की पार्टी' करार दिया है। घोष ने कहा-'तृणमूलके  नेता या तो भाग गए हैं या फिर चुप हो गए हैं। पार्टी में सिर्फ वही लोग हैं, जिनके कहीं और जाने की उम्मीद नहीं है। तृणमूल नकारों की पार्टी में तब्दील हो चुकी हैं। बंगाल भाजपा अध्यक्ष ने तृणमूल सांसद सौगत राय पर भी निशाना साधा। 

चौकाया था-जो लोग तृणमूल छोड़ रहे, वे चूहे हैं

सौगत राय ने कुछ दिन पहले कहा था कि जो लोग तृणमूल छोड़कर भाग रहे हैं, वे चूहे हैं। इसपर घोष ने चुटकी लेते हुए कहा कि वे लोग अगर चूहे हैं तो क्या सौगत राय भैंस है? दरअसल उन्हें कोई अपनी पार्टी में नहीं लेगा इसलिए वे तृणमूल में पड़े हुए हैं। 

कई परियोजनाओं की भी घोषणा मगर सुविधा कहां

गौरतलब है कि भाजपा सांसद अर्जुन सिंह ने सौगत राय के भाजपा में शामिल होने का दावा किया था, जिसे उन्होंने सिरे से खारिज कर दिया था। घोष ने तृणमूल सरकार के 'दुआरे सरकार' अभियान की आलोचना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इससे पहले भी कई परियोजनाओं की घोषणा की थी लेकिन उनकी सुविधाएं कितने लोगों को मिली? 

राजनीति को सूबे के लोग कतई स्वीकार नहीं करेंगे

लोगों को परियोजनाओं की सुविधाएं मुहैया कराने से पहले पार्टी के नेता-मंत्री कटमनी वसूलते हैं। घोष ने टीम पीके पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बाहर से लोग आकर तय कर रहे हैं कि कौन क्या पहनेगा और क्या खाएगा। बंगाल की राजनीति पहले ऐसी नहीं थी। इस तरह की राजनीति को सूबे के लोग कतई स्वीकार नहीं करेंगे।

chat bot
आपका साथी