प्रशांत किशोर के मार्गदर्शन में ही केएमसी चुनाव लड़ेगी तृणमूल, महिला प्रत्याशियों पर दिया गया है खास ध्यान

तृणमूल कांग्रेस अपने चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर के मार्गदर्शन में कोलकाता नगर निगम (केएमसी) का चुनाव भी लड़ने जा रही है। प्रशांत किशोर ने पिछले बंगाल विधानसभा चुनाव में महिला उम्मीदवारों पर खास जोर दिया था और केएमसी चुनाव में भी इसे तवज्जो दे रहे हैं।

By Vijay KumarEdited By: Publish:Sat, 27 Nov 2021 09:50 PM (IST) Updated:Sat, 27 Nov 2021 09:50 PM (IST)
प्रशांत किशोर के मार्गदर्शन में ही केएमसी चुनाव लड़ेगी तृणमूल, महिला प्रत्याशियों पर दिया गया है खास ध्यान
प्रशांत किशोर के मार्गदर्शन में ही केएमसी चुनाव लड़ेगी तृणमूल

राज्य ब्यूरो, कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस अपने चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर के मार्गदर्शन में कोलकाता नगर निगम (केएमसी) का चुनाव भी लड़ने जा रही है। प्रशांत किशोर ने पिछले बंगाल विधानसभा चुनाव में महिला उम्मीदवारों पर खास जोर दिया था और केएमसी चुनाव में भी इसे तवज्जो दे रहे हैं। तृणमूल नेतृत्व ने उन्हीं के कहे अनुसार महिला प्रत्याशियों की संख्या बढ़ाई है।

144 उम्मीदवारों में 64 महिलाएं शामिल हैं, यानी लगभग आधी प्रत्याशी महिलाएं हैं। पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक केएमसी चुनाव के लिए प्रत्याशियों की सूची जारी करने से पहले मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर के साथ महत्वपूर्ण बैठक की थी। बैठक में तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बंद्योपाध्याय भी शामिल थे।

तृणमूल भवन में यह बैठक करीब तीन घंटे चली थी। बैठक से ही साबित हो जाता है कि ममता बनर्जी केएमसी चुनाव को कितना तवज्जो दे रही हैं। सूत्रों ने बताया कि प्रशांत किशोर ने महिला प्रत्याशियों पर विशेष रूप से जोर देने को कहा। पार्टी ने उनकी बात मानते हुए महिला प्रत्याशियों की संख्या में इजाफा किया है। गौरतलब है कि 2015 में हुए पिछले केएमसी चुनाव में तृणमूल ने 126 सीटों पर कब्जा जमाया था। तृणमूल के एक नेता ने बताया कि समाज के पिछड़े वर्ग व अल्पसंख्यक समुदाय की महिलाओं पर विशेष जोर दिया गया है। उन्हें प्रत्याशी बनाया गया है।

chat bot
आपका साथी