मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कीं घोषणाएं- विकास व जरूरी परिसेवाओं के लिए बंगाल में सुंदरवन होगा नया जिला

मुख्यमंत्री ने इस बैठक में सभी विभागों को छोटी-छोटी परियोजनाओं को चल रही बड़ी सरकारी परियोजनाओं से जोड़ देने का भी​ निर्देश दिया। जिला स्वास्थ्य विभाग पालिकाओं व नगरनिगम को डेंगू कोविड और विशेषकर मलेरिया के बढ़ते मामलों पर अंकुश लगाने के लिए युद्धस्तर पर काम करने का निर्देश दिया।

By Priti JhaEdited By: Publish:Fri, 19 Nov 2021 10:14 AM (IST) Updated:Fri, 19 Nov 2021 10:14 AM (IST)
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कीं घोषणाएं- विकास व जरूरी परिसेवाओं के लिए बंगाल में सुंदरवन होगा नया जिला
ममता बनर्जी ने कीं घोषणाएं- बंगाल में सुंदरवन होगा नया जिला

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। मध्यमग्राम पालिका के नजरूल मंच ऑडिटोरियम में प्रदेश की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रशासनिक बैठक के दौरान कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने अलग सुंदरवन जिला प्रशासन बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सुंदरवन हमारे लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है अतः इसके विकास और यहां के निवासियों को जरूरी परिसेवाओं को सीधे पहुंचाने के लिए ​अलग जिला प्रशासन बनाया जायेगा जिसकी रूपरेखा पहले ही तैयार कर ली गयी थी मगर अब इस पर काम भी शुरू कर दिया जायेगा।

उन्होंने इस दिशा में संबंधित विभागीय अधिकारियों व मंत्रियों को तुरंत काम करने का निर्देश दिया। वहीं सुंदरवन में 5 करोड़ मैग्रोव लगाने और इन सबमें सेल्फ हेल्प ग्रुप को ज्यादा से ज्यादा काम में लगाने और सौ दिन रोजगार योजना से अंचलवासियों को ज्यादा से ज्यादा जोड़ने पर भी जोर दिया। उन्होंने जहां जिले में खड़दह विधानसभा के उप चुनाव और विभिन्न पूजा आयोजन को लेकर पुलिस प्रशासन की सराहना की वहीं जिला शासक पर अत्यधिक दबाव को समझते हुए डीएम की मदद के लिए 10 अधिकारियों की नियुक्ति का भी निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने इस बैठक में सभी विभागों को छोटी-छोटी परियोजनाओं को चल रही बड़ी सरकारी परियोजनाओं से जोड़ देने का भी​ निर्देश दिया। जिला स्वास्थ्य विभाग, पालिकाओं व नगरनिगम को डेंगू, कोविड और विशेषकर मलेरिया के बढ़ते मामलों पर अंकुश लगाने के लिए युद्धस्तर पर काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि देखा जाता है कि इस जिले के ही कुछ पालिकाओं की उपेक्षा के कारण कई घातक बीमारियां फैली हैं अतः जिला प्रशासन को इस ओर विशेष ध्यान देना है। वहीं पालिका प्रशासकों व सरकारी अधिकारियों को उन्होंने सीधे इलाके में जाकर परिस्थितियों पर नजर रखना का भी आदेश दिया।

बीजपुर थाना इलाके में चोरियों की शिकायतें आयीं सामने

जिला तृणमूल अध्यक्ष व विधायक पार्थ भौमिक ने बैठक में मुख्यमंत्री के सामने बीजपुर थाना इलाके में चोरी, डकैती की लगातार घट रही घटनाओं को सामने रखा जिस पर मुख्यमंत्री ने वर्चुअली थाना प्रभारी को इस पर कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही सीपी मनोज वर्मा को कहा कि वे इन छोटी-छोटी आपराधिक घटनाओं पर भी काबू करने को लेकर थाना प्रभारियों को आवश्यक निर्देश देें क्योंकि ये छोटी परेशानियां आम जनता के लिए बड़ी परेशानियां होती हैं। 

chat bot
आपका साथी