Political violence in Kolkata : बंगाल में अब भाजपा की महिला नेत्री को मारी गोली, हालत गंभीर

Political violence in Bengal कोलकाता में अज्ञात बदमाशों ने सोमवार को भाजपा की महिला शाखा की एक नेत्री को गोली मार दी। वह अस्पताल में भर्ती है। भाजपा ने तृणमूल का हाथ बताया है।

By Vijay KumarEdited By: Publish:Mon, 07 Sep 2020 07:04 PM (IST) Updated:Mon, 07 Sep 2020 07:04 PM (IST)
Political violence in Kolkata : बंगाल में अब भाजपा की महिला नेत्री को मारी गोली, हालत गंभीर
Political violence in Kolkata : बंगाल में अब भाजपा की महिला नेत्री को मारी गोली, हालत गंभीर

राज्य ब्यूरो, कोलकाता : बंगाल में राजनीतिक हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। कोलकाता से सटे दक्षिण 24 परगना जिले के विष्णुपुर इलाके में अज्ञात बदमाशों ने सोमवार को भाजपा की महिला शाखा के एक नेता को गोली मार दी। गंभीर हालत में उसे कोलकाता के सरकारी एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

रघुदेवपुर गांव में सुबह करीब 9 बजे घटी यह घटना 

यह घटना जिला पुलिस अधीक्षक के कार्यालय से कुछ ही दूरी पर स्थित रघुदेवपुर गांव में सुबह करीब 9 बजे घटी और राज्यव्यापी लाकडाउन के दौरान अपराधियों ने इसको अंजाम दिया। घायल महिला नेता का नाम राधारानी नस्कर है। वह जिले के डायमंड हार्बर लोकसभा अंतर्गत विष्णुपुर इलाके में भारतीय जनता महिला मोर्चा की स्थानीय इकाई की उपाध्यक्ष हैं। परिवार के सदस्यों व स्थानीय भाजपा नेताओं ने इस घटना के पीछे सत्तारूढ़ तृणमूल के गुंडों का हाथ बताया है। 

सांसद का आरोप-पुलिस ने अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं

भाजपा सांसद लॉकेट चटर्जी ने आरोप लगाया कि इस घटना के पीछे तृणमूल कांग्रेस का हाथ है क्योंकि सत्ता पक्ष महिला मोर्चा द्वारा विरोध की आवाज को चुप कराना चाहती है। वहीं, तृणमूल ने इस आरोप का खंडन किया और दावा किया कि यह भाजपा की आपसी गुटबाजी का परिणाम है। पुलिस ने अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं की है। 

भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष व अग्निमित्रा ने की कड़ी निंदा

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष एवं भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष अग्निमित्रा पाल ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए तृणमूल को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया।

बताते चलें कि इससे पहले पूर्व बर्धमान जिले के कालना में शनिवार को एक भाजपा कार्यकर्ता की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी।दूसरी तरफ रविवार को उत्तर 24 परगना जिले के नोआपाड़ा में एक भाजपा कार्यकर्ता को गोली मार दी गई। इन दोनों घटनाओं का आरोप भी तृणमूल कार्यकर्ताओं पर लगा।

परिजन बोले-राधारानी ने विरोध किया तो उसपर गोली चलाई 

परिजनों का कहना है कि राधारानी अपने घर में ही थी। उसी समय दो अपराधी आए और घर पर हमला किया। राधारानी ने जब इसका विरोध तो उस पर गोली चला दी। गोली लगने से वह वहीं गिर पड़ी। उसको गंभीर अवस्था में स्थानीय नेपालगंज के नर्सिंग होम में ले जाया गया।भाजपा के एक नेता ने कहा कि विभिन्न अस्पतालों द्वारा भर्ती लेने से मना किए जाने के बाद अंत में उसे कोलकाता के एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। 

महिला नेत्री की हत्या करने की कोशिश : जिला अध्‍यक्ष सुफल 

डायमंड हार्बर सांगठनिक जिला भाजपा के अध्यक्ष सुफल घांटु का कहना है कि तृणमूल के गुंडों ने उनकी  की। वहीं स्थानीय तृणमूल विधायक दिलीप मंडल कहा कि इस घटना का कोई राजनीतिक संबंध नहीं है। सुनियोजित तरीके से भाजपा, तृणमूल का नाम लेकर राजनीतिक फायदा उठाना चाहती है।

chat bot
आपका साथी