West Bengal: उत्तर 24 परगना में पुलिस ने किया अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार
बंगाल में पांचवें चरण के मतदान से पहले उत्तर परगना जिले के भाटपारा इलाके में पुलिस ने एक अवैध हथियार निर्माण इकाई का भंडाफोड़ किया है। मौके से हथियार बनाने के उपकरण व अन्य सामान बरामद किया गया है।
कोलकाता, राज्य ब्यूरो। बंगाल में पांचवें चरण के चुनाव से पहले कोलकाता से सटे उत्तर परगना जिले के भाटपारा इलाके में रविवार देर रात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। यहां पुलिस ने एक अवैध हथियार निर्माण इकाई का भंडाफोड़ किया और दो आग्नेयास्त्र बरामद किए। मौके से हथियार बनाने के उपकरण व अन्य सामान बरामद किए गए हैं। साथ ही दो लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।
गौरतलब है कि उत्तर 24 परगना जिले की 16 सीटों पर पांचवें चरण में 17 अप्रैल को चुनाव होने हैं। वहीं, बैरकपुर संसदीय क्षेत्र अंतर्गत भाटपाड़ा इलाका राजनीतिक हिंसा को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहता है। इस इलाके में बैरकपुर से भाजपा सांसद अर्जुन सिंह का खासा वर्चस्व माना जाता है। 2019 में उनकी जीत के बाद से ही इस क्षेत्र में हिंसा की घटनाएं बढ़ गई। अर्जुन सिंह लगातार आरोप लगाते रहते हैं कि तृणमूल कांग्रेस के गुंडे इस क्षेत्र में हिंसा फैलाते हैं।