पेगासस जासूसी विवाद: ममता ने मोदी सरकार पर बोला करारा हमला, इसे बताया वाटरगेट स्कैंडल से भी बड़ा घोटाला

बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पेगासस जासूसी विवाद को लेकर गुरुवार को एक बार फिर मोदी सरकार पर करारा हमला बोला। ममता ने कहा कि पेगासस इमरजेंसी से भी बड़ा सुपर इमरजेंसी है। उन्होंने इसे वाटरगेट स्कैंडल से भी बड़ा घोटाला बताया

By Vijay KumarEdited By: Publish:Thu, 22 Jul 2021 05:53 PM (IST) Updated:Thu, 22 Jul 2021 05:53 PM (IST)
पेगासस जासूसी विवाद: ममता ने मोदी सरकार पर बोला करारा हमला, इसे बताया वाटरगेट स्कैंडल से भी बड़ा घोटाला
पेगासस जासूसी विवाद को लेकर ममता ने मोदी सरकार पर फिर बोला करारा हमला

राज्य ब्यूरो, कोलकाता : बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पेगासस जासूसी विवाद को लेकर गुरुवार को एक बार फिर मोदी सरकार पर करारा हमला बोला। ममता ने कहा कि पेगासस इमरजेंसी से भी बड़ा सुपर इमरजेंसी है। उन्होंने इसे वाटरगेट स्कैंडल से भी बड़ा घोटाला बताया और कहा कि यह लोगों को डराने के हथकंडे हैं। यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए ममता ने कहा कि भाजपा की अगुवाई वाली केंद्र सरकार ने न्यायपालिका से लेकर मीडिया सभी को बंधक बना लिया है।इस सरकार के खिलाफ जो भी आवाज उठाता है उसे कुचल दिया जाता है। देश में सुपर इमरजेंसी जैसे हालात हैं।

ममता ने ऐसी शक्तियों के खिलाफ लड़ने के लिए सभी से एकजुट होकर आंदोलन का आह्वान किया। ममता ने कहा कि केंद्र सरकार अपने मंत्री तक पर विश्वास नहीं करती। उन्होंने दावा किया कि अपने अपने मंत्रियों व अधिकारियों ही नहीं, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के नेताओं का भी फोन टैप किया जाता है। ममता ने कहा कि पेगासस मुद्दे पर पीएम को बयान देना चाहिए। उन्होंने साथ ही आरोप लगाया कि यह करने की जगह इसके खिलाफ आवाज उठाने वालों को कुचला जा रहा है। उन्होंने इसे खतरनाक बताते हुए कहा कि देश की जनता इसे स्वीकार नहीं करेगी। ममता ने आगे कहा कि हमने अपने फोन पर टेप (ल्यूकोप्लास्ट) लगा लिया है। यह सांकेतिक विरोध है। सभी को सिविक सोसाइटी, छात्र बुद्धिजीवी को एकजुट होकर विरोध करना होगा।

'महिलाएं क्या खाना बना रही, यह भी टेप हो रहा'

उन्होंने कहा कि महिलाएं क्या खाना बना रही है, पति के साथ क्या बात कर रही हैं, सबकुछ टेप किया जा रहा है। पहले समझते थे कि व्हाट्सएप सुरक्षित है लेकिन वह भी अब सुरक्षित नहीं है। उन्होंने कहा कि यह सरकार झूठी है। अब कुछ भी सुरक्षित नहीं है। मैं अपनी सुरक्षा के लिए चिंतित नहीं हूं, बल्कि देश के लोगों के लिए चिंतित हूं। ममता ने यह भी आरोप लगाया कि हमने मीटिंग की, उसकी भी रिकॉर्डिंग की गई। बाद में पता चला कि सभी टेप किए गए हैं।

अगले हफ्ते पीएम से मिलेंगी ममता

ममता ने इस दौरान अगले हफ्ते अपनी दिल्ली यात्रा को लेकर भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुझे मिलने का समय दिया है, उनसे मुलाकात करूंगी। बंगाल चुनाव के बाद ममता का यह पहला दिल्ली दौरा होगा और वह कई विपक्षी दलों के नेताओं से भी मिलेंगी।

16 अगस्त को 'खेला होबे' दिवस पर एक लाख फुटबॉल बाटेंगी ममता

ममता कहा कि 16 अगस्त को 'खेला होबे दिवस' के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने एक बार फिर कहा कि जब तक पूरे देश से भाजपा को नहीं हटा देती, खेला जारी रहेगा। उन्होंने घोषणा की कि खेला होबे दिवस के मौके पर राज्य सरकार प्रदेश के विभिन्न फुटबॉल क्लबों व गांवों में एक लाख फुटबॉल वितरित करेगी।

ममता ने यह भी कहा कि 16 अगस्त का दिन खेला होबे दिवस के लिए इसलिए चुना गया है क्योंकि इसी दिन 1970 में कुछ लोग एक क्रिकेट इवेंट में मारे गए थे। उन्होंने कहा कि यह 15 अगस्त के बाद का दिन है। लोगों की स्वाधीनता बनी रहे और भारत पराधीनता से मुक्ति पाए, इसीलिए उन्होंने इस दिन को चुना। गौरतलब है कि 16 अगस्त के दिन अंग्रेजी हुकूमत के दौरान कलकत्ता में नरसंहार की घटना घटी थी, जिसको लेकर भाजपा ने इस दिन को 'खेला होबे दिवस' के रूप में चुने जाने पर सवाल उठाए थे। इसके बाद ममता ने इसपर जवाब दिया है।

chat bot
आपका साथी