दिल्ली की तरह मुंबई में भी बंगभवन बनाना चाहती हैं ममता बनर्जी, महाराष्ट्र सरकार से मांगी जमीन
दिल्ली में बंगभवन है। यहां से दिल्ली जाने वाले नेता मंत्री राज्यपाल से लेकर विशिष्ट लोग बंगाल सरकार के अधीन वाले उक्त भवन में ठहरते हैं। अब राज्य सरकार दिल्ली की तरह ही मुंबई में भी बंगभवन बनाना चाहती है।
राज्य ब्यूरो, कोलकाताः दिल्ली में बंगभवन है। यहां से दिल्ली जाने वाले नेता, मंत्री, राज्यपाल से लेकर विशिष्ट लोग बंगाल सरकार के अधीन वाले उक्त भवन में ठहरते हैं। अब राज्य सरकार दिल्ली की तरह ही मुंबई में भी बंगभवन बनाना चाहती है। अपनी हालिया मुंबई यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने महाराष्ट्र सरकार से भवन निर्माण के लिए जमीन मांगी है। पता चला है कि मुंबई में राज्य सरकार की ओर से एक इमारत बनाने की पहल उन लोगों की सुविधा के लिए करने की योजना है जो मुंबई में टाटा मेमोरियल में कैंसर के इलाज के लिए जाते हैं।
ममता ने महाराष्ट्र के पर्यावरण मंत्री और मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे को अपनी इच्छा से अवगत कराया। यात्रा के दौरान बीमार होने के कारण ममता उद्धव से नहीं मिल पाई थीं। इसके बजाय, बैठक आदित्य के साथ की थीं। बैठक में शिवसेना के राज्यसभा सदस्य व ठाकरे के करीबी संजय राउत भी मौजूद थे। राउत ने मुंबई में बंगभवन बनाने के लिए ममता द्वारा जमीन मांगने की बात कही है।
उन्होंने शिवसेना के मुखपत्र सामना में लिखा कि ममता बनर्जी की यह मांग बिल्कुल भी अनुचित नहीं है। मुंबई में ओडिशा भवन, उत्तर प्रदेश भवन है। बंगाल ने स्वतंत्रता संग्राम और सामाजिक क्रांति में एक महान भूमिका निभाई है। दोनों राज्यों के बीच मानवीय संबंध हैं। पता चला है कि आदित्य से मुलाकात के दौरान ममता ने इच्छा जाहिर की थी। उन्होंने यह भी कहा कि बंगाल से कई लोग इलाज के लिए मुंबई आते हैं। उनमें से बड़ी संख्या में कैंसर के इलाज के लिए टाटा मेमोरियल पहुंचते हैं। वह राज्य सरकार की पहल पर आने वालों के परिवार के सदस्यों को ठहरने के लिए एक घर बनाना चाहती हैं।
शिवसेना नेता संजय के बयान से साफ है कि बंगाल को जल्द ही मुंबई में जमीन मिल सकती है। बंगभवन बनाया जा सकता है। लेकिन वह कहां होगा यह बताना मुश्किल हैं। क्योंकि मुंबई में जमीन मिलना मुश्किल है इसलिए कई राज्यों ने नबी मुंबई में अपने भवन बनाए हैं। सबसे पहले असम सरकार ने भवन तैयार कराया था। बाद में उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, ओडिशा, उत्तराखंड और मेघालय की सरकारों ने मुंबई में राज्य के नाम पर इमारतों का निर्माण कराया। पता चला है कि महाराष्ट्र सरकार ने मुंबई के वाशी रेलवे स्टेशन के पास विभिन्न राज्यों को 18 प्लाट दिए हैं। भविष्य में इसके आसपास कहीं बंगाल भी अपना भवन बन सकता है।