बंगाल में मां दुर्गा के अपमान को लेकर भाजपा नेता ने ममता सरकार के मंत्री के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत

भाजपा नेता ने अपने ट्विटर अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है जिसमें मंत्री फिरहाद हकीम भवानीपुर में चुनाव प्रचार के दौरान मां दुर्गा के मंत्र का पाठ अपनी तरह से कर रहे हैं। मंत्री कह रहे हैं -या देवी सर्वभूतेषु ममतारूपेण संस्थिता।

By Vijay KumarEdited By: Publish:Tue, 14 Sep 2021 07:56 PM (IST) Updated:Tue, 14 Sep 2021 07:56 PM (IST)
बंगाल में मां दुर्गा के अपमान को लेकर भाजपा नेता ने ममता सरकार के मंत्री के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत
ममता सरकार के मंत्री फिरहाद हकीम के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज

राज्य ब्यूरो, कोलकाता : बंगाल में दुर्गा पूजा से पहले ही मां दुर्गा को लेकर राजनीतिक और मजहबी प्रचार शुरू हो गया है। इस बार मामला और गंभीर है। भाजपा नेता व अधिवक्ता तरुण ज्योति तिवारी ने मां दुर्गा के अपमान और हिंदू भावना को ठेस पहुंचाने को लेकर ममता सरकार के मंत्री फिरहाद हकीम के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। भाजपा नेता ने अपने ट्विटर अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है जिसमें मंत्री फिरहाद हकीम भवानीपुर में चुनाव प्रचार के दौरान मां दुर्गा के मंत्र का पाठ अपनी तरह से कर रहे हैं।

मंत्री कह रहे हैं -'या देवी सर्वभूतेषु ममतारूपेण संस्थिता।' भाजपा नेता ने कहा है कि मंत्री ने मां दुर्गा का अपमान कर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को देवी दुर्गा के रूप में चित्रित किया। इससे हिंदू भावना को ठेस पहुंची है। इसके खिलाफ उन्होंने कल कोलकाता पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। फिलहाल पुलिस की ओर से भी अभी तक कोई कदम नहीं उठाया गया है।

बताते चलें कि पिछले दिनों कोलकाता के एक क्लब की ओर से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के चेहरे के रूप में मां दुर्गा की प्रतिमा बनाने को लेकर भाजपा ने कड़ा ऐतराज जताया था तथा मांग की थी कि प्रतिमा का काम तुरंत रोका जाए। फिर मालदा में गणेश चतुर्थी पर ऐसा ही विवाद खड़ा हो गया जब वहां सिद्धिदाता गणेश को ममता बनर्जी रूपी मां दुर्गा की गोद में विराजमान किया गया। भाजपा ने तृणमूल संचालित क्लब की गणेश पूजा पर कड़ी आपत्ति जताई थी।

chat bot
आपका साथी