कोलकाता के नए पुलिस आयुक्त सोमेन मित्रा ने पदभार संभालते ही बताईं प्राथमिकताएं, बोले-हर मतदान चुनौतीपूर्ण

सोमेन मित्रा ने सोमवार को कोलकाता के नए पुलिस आयुक्त के रूप में पदभार संभाल लिया। उन्होंने अनुज शर्मा के हाथ से पदभार लिया। वहीं सीपी पद से हटाए गए अनुज शर्मा ने भी इस दिन राज्य सीआइडी के अतिरिक्त महानिदेशक (एडीजी) के रूप में पदभार संभाल लिया।

By Vijay KumarEdited By: Publish:Mon, 08 Feb 2021 07:35 PM (IST) Updated:Mon, 08 Feb 2021 07:35 PM (IST)
कोलकाता के नए पुलिस आयुक्त सोमेन मित्रा ने पदभार संभालते ही बताईं प्राथमिकताएं, बोले-हर मतदान चुनौतीपूर्ण
सोमेन मित्रा ने सोमवार को कोलकाता के नए पुलिस आयुक्त के रूप में पदभार संभाल लिया

राज्य ब्यूरो, कोलकाता : बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले शनिवार को राज्य सरकार ने कई वरिष्ठ आइपीएस अधिकारियों को इधर से उधर कर दिया था। इसमें सबसे प्रमुख नाम कोलकाता के पुलिस आयुक्त (सीपी) अनुज शर्मा का भी तबादला कर दिया गया था और उनकी जगह सोमेन मित्रा को नया पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया था। इसके बाद सोमेन मित्रा ने सोमवार को कोलकाता के नए पुलिस आयुक्त के रूप में पदभार संभाल लिया। उन्होंने अनुज शर्मा के हाथ से पदभार लिया। इस मौके पर शर्मा ने मित्रा को बधाई दी। वहीं, सीपी पद से हटाए गए अनुज शर्मा ने भी इस दिन राज्य सीआइडी के अतिरिक्त महानिदेशक (एडीजी) के रूप में पदभार संभाल लिया। दूसरी ओर, विधाननगर कमिश्नरेट के नए पुलिस आयुक्त के रूप में सुप्रतीम सरकार ने भी पदभार संभाला। उन्होंने आइपीएस मुकेश की जगह लिया है, जिनका दूसरी जगह तबादला कर दिया गया है। 

इधर, कोलकाता पुलिस आयुक्त का पदभार संभालने के बाद सोमेन मित्रा ने कोलकाता पुलिस को देश के सर्वश्रेष्ठ बलों में से एक करार दिया और कहा कि उन्हेंं पूरी उम्मीद है कि उनके पेशेवर नेतृत्व में विधानसभा चुनाव सुचारू रूप से आयोजित होगा। वर्ष 1988 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आइपीएस) के अधिकारी मित्रा ने कहा कि वह शहर को सुरक्षित रखने और नागरिकों द्वारा अपने मताधिकार का सुरक्षित उपयोग सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव कदम उठाएंगे। लालबाजार स्थित कोलकाता पुलिस मुख्यालय में उन्होंने संवाददाताओं से कहा, हर मतदान चुनौतीपूर्ण होता है। कोलकाता पुलिस के पेशेवर तरीके के साथ हम चुनाव का आयोजन सुचारू रूप से सुनिश्चित करने में सफल रहेंगे। मित्रा इससे पहले पश्चिम बंगाल पुलिस के एडीजी (प्रशिक्षण) का पद संभाल रहे थे। बता दें कि मित्रा इससे पहले भी कोलकाता पुलिस आयुक्त का पदभार संभाल चुके हैं।

वर्ष 2016 में चुनाव आयोग ने राजीव कुमार के स्थान पर मित्रा को इस पद पर नियुक्त किया था। हालांकि, बाद में विधानसभा चुनाव के बाद तृणमूल कांग्रेस सरकार ने मित्रा को हटाकर दोबारा कुमार को आयुक्त नियुक्त किया था। इसके बाद अनुज शर्मा को आयुक्त बनाया गया था। बता दें कि एडीजी (कानून-व्यवस्था) ज्ञानवंत सिंह सहित कई और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का भी शनिवार को तबादला कर दिया गया था। जावेद शमीम को राज्य पुलिस का नया एडीजी (कानून-व्यवस्था) बनाया गया है।

chat bot
आपका साथी