गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री लुईजिन्हो फलेरियो तृणमूल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त, अभिषेक बनर्जी ने की नियुक्ति

गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री लुईजिन्हो फलेरियो को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। शुक्रवार को तृणमूल की ओर से एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। यह नियुक्ति पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी ने की है।

By Vijay KumarEdited By: Publish:Fri, 22 Oct 2021 06:48 PM (IST) Updated:Fri, 22 Oct 2021 10:57 PM (IST)
गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री लुईजिन्हो फलेरियो तृणमूल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त, अभिषेक बनर्जी ने की नियुक्ति
ममता बनर्जी के गोवा दौरे से ठीक पहले पार्टी ने की लुईजिन्हो फलेरियो की नियुक्ति

राज्य ब्यूरो, कोलकाता : गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री लुईजिन्हो फलेरियो को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। शुक्रवार को तृणमूल की ओर से एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। यह नियुक्ति पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी ने की है। बता दें कि पिछले महीने 29 सितंबर को ही फलेरियो ने कोलकाता आकर अपने समर्थक नेताओं के साथ टीएमसी का दामन थामा था। गोवा में कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे फलेरियो ने टीएमसी में शामिल होने से ठीक पहले विधायक पद से भी इस्तीफा दे दिया था।

वहीं, टीएमसी ने फलेरियो को ऐसे समय में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया है जब पार्टी सुप्रीमो व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अगले सप्ताह 28 अक्टूबर को गोवा के दो दिवसीय दौरे पर जाएंगी। 40 सदस्यीय गोवा विधानसभा के लिए चुनाव अगले साल की शुरुआत में होने हैं।तृणमूल कांग्रेस इस साल की शुरुआत में बंगाल विधानसभा चुनाव में अपनी शानदार जीत के बाद राष्ट्रीय स्तर पर अपना दायरा बढ़ाने की कोशिश कर रही है और भाजपा शासित गोवा और त्रिपुरा में पैठ बनाने में लगी है।

इधर, तृणमूल की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि चार दशकों के राजनीतिक करियर में, गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री लुइजि़न्हो फलेरियो ने लोगों के विकास की दिशा में काम किया है। हमें पूरा विश्वास है कि उनके कुशल मार्गदर्शन में अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस अधिक ऊंचाइयों तक पहुंचेगा और प्रत्येक भारतीय नागरिक की रक्षा के लिए लड़ाई जारी रखेगा।

गौरतलब है कि जब से तृणमूल ने 2022 के विधानसभा चुनाव के लिए गोवा पर अपना ध्यान केंद्रित किया है, तब से पिछले महीने कांग्रेस विधायक के रूप में इस्तीफा देने वाले फलेरियो को पार्टी में शामिल करना तृणमूल की अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धि रही है।

chat bot
आपका साथी