कोलकाता में जलजमाव पर बिफरे फिरहाद हकीम, पूर्व सिंचाई मंत्री राजीब बनर्जी को ठहराया जिम्मेदार

मंत्री हकीम का आरोप कई बार कहने के बाद भी पूर्व मंत्री ने खालों की ड्रेजिंग नहीं कराई। कोलकाता में जलजमाव पर बिफरे फिरहाद हकीम ने इसके लिए तृणमूल छोड़कर भाजपा का दामन थामने वाले प्रदेश के पूर्व सिंचाई मंत्री राजीब बनर्जी को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है।

By Priti JhaEdited By: Publish:Mon, 21 Jun 2021 07:31 AM (IST) Updated:Mon, 21 Jun 2021 07:31 AM (IST)
कोलकाता में जलजमाव पर बिफरे फिरहाद हकीम, पूर्व सिंचाई मंत्री राजीब बनर्जी को ठहराया जिम्मेदार
कोलकाता नगर निगम के प्रशासक व मंत्री फिरहाद हकीम

कोलकाता, राज्य ब्यूरो। महानगर में बीते बुधवार रात से रह-रहकर मूसलाधार बारिश हो रही है। लगातार बारिश के कारण अब तक कोलकाता के कई इलाकों में पानी भरा हुआ है। इस बीच कोलकाता नगर निगम के प्रशासक व मंत्री फिरहाद हकीम ने इसके लिए तृणमूल छोड़कर भाजपा का दामन थामने वाले प्रदेश के पूर्व सिंचाई मंत्री राजीब बनर्जी को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है।

हकीम ने कहा कि कोलकाता महानगर में कई जगहों पर मेट्रो का काम चल रहा है। कई जगहों पर मेट्रो कार्य के कारण टाली नाला व अन्य खालों के मार्ग अवरुद्ध हो गये हैं। इसके अलावा खालों की ड्रेजिंग नहीं होने के कारण बेहला, खिदिरपुर, जादवपुर व टालीगंज इलाके में जलजमाव की समस्या देखी जा रही है। इसके लिए हकीम ने पूर्व सिंचाई मंत्री राजीब बनर्जी का नाम लिये बगैर उन पर निशाना साधा।

ममता सरकार में मंत्री हकीम ने कहा कि कई बार कहने के बाद भी पूर्व मंत्री ने खालों की ड्रेजिंग नहीं कराई। इस कारण महानगर की यह स्थिति है। उन्होंने कहा कि कोलकाता में ड्रेनेज व मैनहोल की स्थिति ठीक है, क्योंकि समय-समय पर इनकी ड्रेजिंग की जाती है। उन्होंने बताया कि बेहला में कोलकाता पर्यावरण सुधार निवेश कार्यक्रम (केइआइआइपी) के तहत ड्रेनेज सिस्टम तैयार हो रहा है। इस वजह से बेहला में बारिश के दौरान जलभराव की समस्या जटिल हो जा रही है।

केइआइआइपी लंबे समय से यह कार्य कर रहा है। काम में तेजी लाने के लिए हाल में ही केइआइआइपी के साथ हकीम ने बैठक भी की थी। बैठक में काम को जल्द से जल्द पूरा करने को कहा गया था। ऐसा नहीं करने पर कार्यरत ठेकेदारों से कहा गया है कि उन्हें काली सूची में डाल दिया जायेगा।

मेट्रो व निगम के अधिकारियों ने लिया जायजा

इधर, महानगर के विभिन्न स्थानों पर पानी की निकासी व जलजमाव वाले क्षेत्रों के हालात का जायजा कोलकाता मेट्रो और निगम के आला अधिकारियों ने लिया। राज्य के मुख्य सचिव के निर्देश पर ये अधिकारी विभिन्न इलाकों में गये। शनिवार की रात को इसकी रिपोर्ट मुख्य सचिव व केएमसी के प्रशासक फिरहाद हकीम को सौंप दी गई। 

chat bot
आपका साथी