कोलकाता के मां फ्लाईओवर पर मांझा दुर्घटना को रोकने के लिए की जा रही है फेंसिंग

पिछले तीन महीनों में मां फ्लाईओवर पर मांझा से जुड़े हादसों में कम से कम 12 बाइक सवार घायल हो गए हैं। अधिकारी ने बताया कि फेंसिंग का काम होने की वजह से रात में 6 घंटे फ्लाईओवर बंद रहेगा।

By Priti JhaEdited By: Publish:Sun, 12 Sep 2021 09:13 AM (IST) Updated:Sun, 12 Sep 2021 09:13 AM (IST)
कोलकाता के मां फ्लाईओवर पर मांझा दुर्घटना को रोकने के लिए की जा रही है फेंसिंग
कोलकाता के मां फ्लाईओवर पर मांझा दुर्घटना को रोकने के लिए की जा रही है फेंसिंग

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। महानगर के सबसे व्यस्त फ्लाईओवरों में से एक व बेहद ही महत्वपूर्ण है मां फ्लाईओवर, जहां अक्सर ही पतंग के मांझे से दुर्घटनाएं घटती रहती हैं। यहां से बाइकर्स दहशत में गुजरते हैं क्योंकि पतंग की डोर, जो कि इस फ्लाईओवर के लिए ‘मौत की डोर’ है। अब अच्छी खबर है कि हादसों से बचने के लिए फेंसिंग का काम शुरू हो गया है।

केएमडीए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि फेंसिंग का काम होने की वजह से रात में 6 घंटे फ्लाईओवर बंद रहेगा। रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक इस पर वाहन नहीं चलेंगे। दिन में फ्लाईओवर पर फिलहाल आवागमन सामान्य ही रहेगा। 6 घंटे रात में अगले 12 दिनों तक फ्लाईओवर पर यातायात बंद रहेगा। सूत्रों के मुताबिक 22 सितंबर तक काम चलेगा। जानकारी के मुताबिक फिलहाल फेंसिंग के लिए लोहा की रेलिंग लगायी जा रही है। एक तरफ काम पूरा होने के बाद ही दूसरी तरफ का काम शुरू किया जायेगा। वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस की तरफ से मां फ्लाईओवर के कई हिस्सों को दुर्घटना वाली जगहों के रूप में चिह्नित किया गया है।

फ्लाईओवर के इस हिस्से में होगा काम

केएमडीए सूत्रों के मुताबिक पहले चरण में साइंस सिटी से पार्क सर्कस तक जाने वाली गली की बाईं ओर 900 मीटर तक फेंसिंग की जाएगी। दोनों ओर 4 मीटर ऊंचा होगा। लोहे के तार के मध्य भाग में 5 मीटर ऊंचा होगा ताकि पतंग का मांझा बाइक सवार तक नहीं पहुंच पाये।

बड़े हादसे हो चुके हैं फ्लाईओवर पर

पिछले तीन महीनों में मां फ्लाईओवर पर मांझा से जुड़े हादसों में कम से कम 12 बाइक सवार घायल हो गए हैं। हावड़ा के बागनान का रहने वाला एक बाइक सवार जीशान अली के गले में पतंग की डोर फंस गई थी जिससे बाइक अनियंत्रित होकर गिर पड़ी और उसकी मौत हो गई। वहीं एक डॉक्टर अपने दोस्त के साथ मां फ्लाईओवर से जा रहा था कि अचानक पतंग के मांझे ने उसके मुंह और नाक को लहूलुहान कर दिया हालांकि उसने हेलमेट पहना था। अक्सर पतंग के मांझा से वहां से गुजरने वाले लहूलुहान हो चुके हैं।

कई बाइकर्स के गले में डोर फंसने के कारण उन्हें अस्पताल तक जाना पड़ा है। हालांकि दुर्घटनाओं को देखते हुए कोलकाता पुलिस अवैध चाइनीज मांझा के खिलाफ अभियान चलाती रहती है, छापामारी भी करती है। अब केएमडीए ने हादसों से बचने के लिए फ्लाईओवर के दोनों किनारों को घेरने का काम शुरू कर दिया है। 

chat bot
आपका साथी