Accident: तेज रफ्तार की वजह से पिकअप वैन नियंत्रण खोकर नहर में गिरी, नौ लोगों की मौत
पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग की मदद से नौ लोगों के शव निकाले गए। कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं जिन्हें कोलकाता के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती किया गया है। इनमें से कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। कोलकाता से सटे दक्षिण 24 परगना के बारूईपुर बकुलतला के पास एक पिकअप वैन पलटने से नौ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है। पुलिस ने बताया कि तेज रफ्तार की वजह से नियंत्रण खोकर पिकअप वैन नियंत्रण खोकर पास की नहर में जा गिरी। इसमें 12 से 15 लोग सवार थे।
स्थानीय लोगों, पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग की मदद से नौ लोगों के शव निकाले गए। कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं जिन्हें कोलकाता के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती किया गया है। इनमें से कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है और चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा 304 ए और लापरवाही से वाहन चलाते हुए लोगों की जान को खतरे में डालने की गैर जमानती धारा 279 के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर ही आठ लोगों की मौत हो गई। एक व्यक्ति ने बाद में अस्पताल में दम तोड़ दिया। पांच घायलों को बारुईपुर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां से सोमवार सुबह सभी को रिलीज कर दिया गया। बाकी सात लोगों को कोलकाता के चित्तरंजन अस्पताल रेफर कर दिया गया। इनमें से एक व्यक्ति की मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे।
जलपाईगुड़ी में दुर्घटना में 31 श्रमिक हुए घायल
दूसरी ओर,सोमवार सुबह जलपाईगुड़ी के गोशाला मोड़ इलाके में सोमवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 31 पर प्रवासी श्रमिकों से भरी एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गयी, जिसमें 23 लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। घायलों में कई की हालत नाजुक बतायी जा रही है। बताया गया है कि चार महिलाओं और बच्चों समेत प्रवासी श्रमिकों से भरी बस गुवाहाटी से केरल जा रही थी।