West Bengal Assembly Election 2021: भाजपा सत्ता में आई तो बंगाल में एक चरण में होंगे विधानसभा चुनाव: दिलीप घोष

West Bengal Assembly Election 2021 प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा कि यदि उनकी पार्टी सत्ता में आई तो बंगाल में एक चरण में चुनाव सुनिश्चित करेगी। घोष ने यह वादा भी किया यदि भाजपा सत्ता में आई तो वह राज्य को हिंसा व आतंक से मुक्त करेगी।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Publish:Sat, 27 Feb 2021 08:30 PM (IST) Updated:Sat, 27 Feb 2021 08:30 PM (IST)
West Bengal Assembly Election 2021: भाजपा सत्ता में आई तो बंगाल में एक चरण में होंगे विधानसभा चुनाव: दिलीप घोष
भाजपा सत्ता में आई तो बंगाल मे होंगे एक चरण में विधानसभा चुनाव : दिलीप घोष। फाइल फोटो

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। West Bengal Assembly Election 2021: बंगाल में आठ चरणों में विधानसभा चुनाव कराने को लेकर सवाल खड़ा करने पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को आड़े हाथों लेते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने शनिवार को कहा कि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस द्वारा छेड़ी गई राजनीतिक हिंसा के चलते इसकी जरूरत पड़ी। उन्होंने कहा कि यदि उनकी पार्टी सत्ता में आई तो बंगाल में एक चरण में चुनाव सुनिश्चित करेगी। घोष ने यह वादा भी किया यदि भाजपा सत्ता में आई तो वह राज्य को हिंसा व आतंक से मुक्त करेगी। शनिवार को उन्होंने चाय पर चर्चा के दौरान कहा कि राज्य में आठ चरणों में चुनाव स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए है। राज्य में तृणमूल कांग्रेस की राजनीतिक हिंसा बड़े पैमाने पर है।

भाजपा सांसद ने कहा कि यदि चुनाव एक चरण में कराए जाएंगे तो यह गर्व की बात होगी। एक दिन पहले ही चुनाव आयोग ने बंगाल में विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा की। इसके तुरंत बाद मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने बंगाल में आठ चरणों में विधानसभा चुनाव कराने के चुनाव आयाग के निर्णय पर सवाल उठाया था और संदेह व्यक्त किया था कि भाजपा के चुनाव अभियान को फायदा पहुंचाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के सुझाव पर तारीखें घोषित की गई हैं। राज्य में इस बार आठ चरण में चुनाव हो रहे हैं, जबकि पिछली बार सात चरणों में चुनाव कराए गए थे।

इधर, घोष के बयान पर तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ सांसद सौगत राय ने आश्चर्य प्रकट किया कि क्या कोई राजनीतिक दल चुनाव कराने के बारे में निर्णय ले सकता है। चुनाव आयोग जैसे स्वतंत्र निकायों के निर्णय पर भाजपा का प्रभाव होने का आरोप लगाते हुए माकपा नेता सुजन चक्रवर्ती ने सवाल किया, पता नहीं कि उन्होंने यह बयान कैसे दिया। क्या कोई राजनीतिक दल चुनाव के चरणों का फैसला कर सकता है?

इस बीच, भाजपा समर्थकों ने आरोप लगाया कि शनिवार सुबह में कोलकाता के बागुईहाटी इलाके में पुलिस ने पार्टी की परिवर्तन यात्रा रोक दी। भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस की इस कथित कार्रवाई के खिलाफ कुछ घंटे वीआइपी रोड जाम कर दिया जो शहर के उत्तर-पूर्व हिस्से में अहम मार्ग है। बागुईहाटी थाने के एक वरिष्ठ अधिकारी ने दावा किया इस कार्यक्रम के लिए अनुमति नहीं दी गईं थी। 

chat bot
आपका साथी