उत्साहवर्धन: दिलीप घोष ने ओलंपिक में भारत के समर्थन में भाजपा की मिनी मैराथन की अगुवाई की

पुलिस की अनुमति नहीं मिलने के बावजूद भाजपा ने कोलकाता में आयोजित की मैराथन कोविड नियमों का पालन करते हुए करीब 100 भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने दौड़ में लिया हिस्सा टोक्यो ओलंपिक में हिस्सा ले रहे भारतीय खिलाड़ियों के समर्थन में इस मैराथन दौड़ की अगुवाई दिलीप घोष ने की।

By Priti JhaEdited By: Publish:Sun, 01 Aug 2021 03:25 PM (IST) Updated:Sun, 01 Aug 2021 03:25 PM (IST)
उत्साहवर्धन: दिलीप घोष ने ओलंपिक में भारत के समर्थन में भाजपा की मिनी मैराथन की अगुवाई की
दिलीप घोष ने ओलंपिक में भारत के समर्थन में भाजपा की मिनी मैराथन की अगुवाई की

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। पुलिस द्वारा अनुमति नहीं दिए जाने के बावजूद प्रदेश भाजपा की युवा इकाई की ओर से रविवार को कोलकाता में मिनी मैराथन आयोजित की गई। टोक्यो ओलंपिक में हिस्सा ले रहे भारतीय खिलाड़ियों के समर्थन में महानगर के मैदान इलाके में सुबह आयोजित इस मैराथन दौड़ की अगुवाई प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने की।

राज्य में लागू कोविड-19 संबंधी पाबंदियों का हवाला देते हुए कोलकाता पुलिस ने इस कार्यक्रम के लिए अनुमति देने से इन्कार कर दिया था, इसके बावजूद भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने कार्यक्रम आयोजित किया। घोष की अगुवाई में प्रदेश भाजयुमो के अध्यक्ष व सांसद सौमित्र खां तथा राष्ट्रीय सचिव राजू बिष्ट व अन्य नेताओं समेत करीब 100 भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने इसमें हिस्सा लिया।

मैदान में सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा से श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा तक करीब एक किलोमीटर की यह दौड़ आयोजित हुई। कोविड नियमों का पालन करते हुए कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा लहराते हुए इसमें हिस्सा लिया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

मैदान में भाजपा सदस्यों की दौड़ के कारण पुलिस ने हालांकि दूर से ही निगरानी रखी। इस मौके पर घोष ने कहा, हम टोक्यो ओलंपिक में भारतीय दल का मनोबल बढ़ाने के लिए इसमें हिस्सा लिया। इस मैराथन का राजनीति से कोई लेना देना नहीं है। सब चीजों से ऊपर उठकर हम सभी भारतीय हैं। हम खुश हैं कि पुलिस ने भी यह समझा। पुलिस ने सहयोग दिया। किसी भी कोविड प्रोटोकॉल का उल्लंघन नहीं किया गया। वहीं, कोलकाता पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। 

chat bot
आपका साथी