West Bengal Assembly Election 2021: भाजपा से टिकट मिलते ही कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शिखा मित्रा को किया फोन

West Bengal Assembly Election 2021 सोनिया गांधी ने पार्टी की बंगाल इकाई के पूर्व अध्यक्ष दिवंगत सोमेन मित्रा की पत्नी शिखा मित्रा को शुक्रवार को फोन करके बातचीत की। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक दोनों के बीच करीब 15 मिनट बातचीत हुई।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Publish:Fri, 19 Mar 2021 09:40 PM (IST) Updated:Fri, 19 Mar 2021 09:40 PM (IST)
West Bengal Assembly Election 2021: भाजपा से टिकट मिलते ही कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शिखा मित्रा को किया फोन
भाजपा से टिकट मिलते ही कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शिखा मित्रा को किया फोन। फाइल फोटो

कोलकाता, राज्य ब्यूरो। West Bengal Assembly Election 2021: कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पार्टी की बंगाल इकाई के पूर्व अध्यक्ष दिवंगत सोमेन मित्रा की पत्नी शिखा मित्रा को शुक्रवार को फोन करके बातचीत की। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों के बीच करीब 15 मिनट बातचीत हुई। गौरतलब है कि शिखा के भाजपा में शामिल होने के प्रस्ताव को ठुकरा दिए जाने के बावजूद उन्हें भगवा पार्टी की तरफ से कोलकाता की चौरंगी सीट से उम्मीदवार घोषित कर दिया गया था। शिखा ने इसपर हैरानी भी जताई थी और नाराजगी भी। उन्होंने भाजपा की उम्मीदवारी की पेशकश को भी हाथोंहाथ ठुकरा दिया था। इसी को लेकर सोनिया ने शिखा को फोन किया था। सूत्रों की मानें तो कांग्रेस अध्यक्ष ने शिखा को कांग्रेस के टिकट पर कोलकाता की किसी सीट से चुनाव लड़ने को कहा है।

कांग्रेस ने कोलकाता पोर्ट, भवानीपुर, रासबिहारी व चौरंगी सीटों के लिए अब तक अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा नहीं की है। अगले कुछ दिनों में उम्मीदवारों की सूची जारी हो सकती है। शिखा को चौरंगी सीट से कांग्रेस उम्मीदवार बना सकती है। वहीं, काशीपुर-बेलगछिया सीट से भाजपा की ओर से तरुण साहा को उम्मीदवार बनाने को लेकर वे भी खफा हैं। उन्होंने कहा कि उनसे किसी ने पूछा ही नहीं। बिना चर्चा के उम्मीदवार बनाए जाने से वे भी नाराज हैं। उन्होंने भी चुनाव लड़ने से मना कर दिया है।

गौतलब है कि कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने गत दिनों तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर कोयले और गाय की तस्करी के साथ-साथ महिलाओं की तस्करी कराने का भी आरोप लगाया है। उन्होंने मुर्शिदाबाद में पत्रकारों से चर्चा के दौरान सत्तारूढ़ पार्टी के साथ-साथ नौकरशाही पर भी हमला किया और कहा कि तस्करी के इस काम में सत्तारूढ़ पार्टी का साथ नौकरशाही दे रही है। इसीलिए कभी कोई तस्कर गिरफ्तार नहीं होता है।कांग्रेस नेता ने कहा कि कोयले की तस्करी के साथ बंगाल गाय की तस्करी के लिए भी कुख्यात स्थान माना जाता है। बंगाल में हमारी मां, बेटी और बहनों की भी तस्करी की जाती है। गौरतलब है कि बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर हाल ही में कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने दावा किया था कि वाम-कांग्रेस और अन्य धर्मनिरपेक्ष ताकतों का महागठबंधन बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस और भाजपा दोनों को हराएगा। ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित एक संयुक्त रैली को संबोधित करते हुए चौधरी ने उक्त दावा किया था।

chat bot
आपका साथी