भाजपा पर पीके के बयान से ममता ने किया किनारा, कहा- आप उनसे यह सवाल क्यों नहीं पूछते?

ममता बनर्जी ने प्रशांत किशोर की हालिया टिप्पणियों से संबंधित प्रश्‍न पर जवाब देने से इंकार करते हुए कहा आप उनसे यह सवाल क्यों नहीं पूछते? वह बहुत कुशल व्यक्ति हैं। ममता गोवा में हैं जहां उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस 2022 के राज्य विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए तैयार है।

By Babita KashyapEdited By: Publish:Sat, 30 Oct 2021 08:33 AM (IST) Updated:Sat, 30 Oct 2021 08:33 AM (IST)
भाजपा पर पीके के बयान से ममता ने किया किनारा, कहा- आप उनसे यह सवाल क्यों नहीं पूछते?
ममता बनर्जी ने प्रशांत किशोर की हालिया टिप्पणियों से संबंधित सवाल का जवाब देने से इन्कार कर दिया

पणजी, आईएएनएस। बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपने राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर की हालिया टिप्पणियों से संबंधित एक सवाल का जवाब देने से शुक्रवार को इन्कार कर दिया, जिसमें उन्होंने कहा था कि भाजपा अगले कुछ दशकों तक भारत की राजनीति के केंद्र में रहने वाली है। गोवा दौरे पर गईं ममता ने प्रशांत किशोर (पीके) की टिप्पणी पर सवाल पूछे जाने पर पणजी में संवाददाताओं से कहा, आप उनसे यह सवाल क्यों नहीं पूछते? वह बहुत कुशल व्यक्ति हैं। आप उनसे सवाल पूछ सकते हैं। आप उनका सवाल मेरे सामने रख रहे हैं। ममता गोवा में हैं, जहां उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) 2022 के राज्य विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए तैयार है।

किशोर ने बुधवार की देर रात एक आर्ट गैलरी में की गई बातचीत में कहा था कि भाजपा कई दशकों तक कहीं नहीं जाने वाली है और राहुल गांधी के साथ समस्या यह है कि उन्हें लगता है कि भाजपा को लोग उखाड़ फेंकेंगे।

यह बयान ऐसे समय में आया है, जब तृणमूल बंगाल के बाहर खुद को फैला रही है और यह इस बात का भी सबूत है कि किशोर के कांग्रेस में प्रवेश किए जाने से जुड़ी अटकलें भी समाप्त हो गई है।उन्होंने कहा कि भाजपा वर्षों तक भारतीय राजनीति के केंद्र में रहेगी, चाहे वह जीते या हारे, ठीक उसी तरह, जैसे आजादी के बाद के शुरुआती 40 वर्षों में कांग्रेस थी।भाजपा कहीं नहीं जा रही हैं। एक बार आप राष्ट्रीय स्तर पर 30 फीसद से अधिक वोट हासिल कर लेते हैं तो आप इतनी जल्दी नहीं जाते। इसलिए आप कभी भी इस वहम में न रहें कि लोग नाराज हो रहे हैं और वे (प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी) को उखाड़ फेंकेंगे। उल्लेखनीय है कि चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने इस साल मार्च-अप्रैल में हुए बंगाल विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस को सत्ता में वापस लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

chat bot
आपका साथी