Kolkata Durga puja 2020: मुख्यमंत्री ने फिर दिखाई ममता, वृद्धाश्रम में कराया दुर्गापूजा का आयोजन

ममता के निर्देश पर नवनीड़ के सदस्यों को हर साल बसों से प्रमुख पूजा पंडालों की कराई जाती थी सैर।वृद्धाश्रम में रहने वाले इस साल दुर्गोत्सव के माहौल से वंचित न हो जाएं और देवी के दर्शन-पूजन कर सकें इस बाबत मुख्यमंत्री ने वहीं दुर्गापूजा का आयोजन कराया है।

By Preeti jhaEdited By: Publish:Tue, 20 Oct 2020 12:15 PM (IST) Updated:Tue, 20 Oct 2020 12:18 PM (IST)
Kolkata Durga puja 2020: मुख्यमंत्री ने फिर दिखाई ममता, वृद्धाश्रम में कराया दुर्गापूजा का आयोजन
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने वृद्धाश्रम में कराया दुर्गापूजा का आयोजन

कोलकाता, राज्य ब्यूरो। Kolkata Durga puja 2020 कोरोना महामारी के कारण इस समय उनका घर से बाहर निकलना बेहद संकटपूर्ण है इसलिए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उनके घर के अहाते में ही दुर्गापूजा का आयोजन कराया है। दक्षिण कोलकाता के चेतला इलाके में स्थित नवनीड़ वृद्धाश्रम में रहने वाले इस साल दुर्गोत्सव के माहौल से वंचित न हो जाएं और देवी दुर्गा के दर्शन-पूजन कर सकें, इस बाबत मुख्यमंत्री ने वहीं दुर्गापूजा का आयोजन कराया है।

मुख्यमंत्री ने गत सोमवार को नवनीड़ का दौरा किया। उनके साथ राज्य के दो मंत्री फिरहाद हकीम और इंद्रनील सेन भी थे।मुख्यमंत्री ने वृद्धजनों को संबोधित करते हुए कहा-'जिंदगी में बीमारियां लगी रहती हैं। इसमें चिंता करने वाली कोई बात नहीं है। हम आप लोगों के साथ हैं।' इसके बाद उन्होंने अपने मंत्रियों को वृद्धाश्रम में देवी दुर्गा की प्रतिमा विराजमान कर उनकी पूजा का आयोजन करने को कहा।

ममता ने कहा-'इस साल घर पर बैठकर टीवी में प्रतिमाएं देखिए। स्वस्थ और सुरक्षित रहिए और वृद्धाश्रम में विराजमान की जा रही देवी दुर्गा का दर्शन-पूजन कीजिए।' गौरतलब है कि नवनीड़ से मुख्यमंत्री का गहरा लगाव है।

ममता के निर्देश पर हर साल नवनीड़ के सदस्यों को अष्टमी के दिन बसों से महानगर के प्रमुख पूजा पंडालों की सैर कराई जाती है। उन्होंने यह जिम्मा शहरी विकास मंत्री फिरहाद हकीम को सौंप रखा है। कोरोना के कारण इस बार ऐसा संभव नहीं हो पा रहा है इसलिए उन्होंने वृद्धाश्रम में दुर्गापूजा की व्यवस्था कराई है।ममता के कदम से नवनीड़ के सदस्य बेहद खुश हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हमेशा से ही उनका खास ख्याल रखती आई हैं। उन्होंने मंत्री फिरहाद हकीम को भी इस बाबत धन्यवाद दिया। 

chat bot
आपका साथी