बंगाल में चुनाव बाद हिंसा मामले में सीबीआइ ने दुष्कर्म के प्रयास का मामला दर्ज किया

मुर्शिदाबाद जिले के नबग्राम में कुछ लोगों ने पीड़िता व उसकी सहेली को घेरकर दिया घटना को अंजाम। शिकायतकर्ता के मुताबिक पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म के संबंध में मामला दर्ज किया और उसकी जांच 25 अगस्त को सीबीआइ ने अपने हाथों में ले ली।

By Vijay KumarEdited By: Publish:Tue, 16 Nov 2021 07:03 PM (IST) Updated:Tue, 16 Nov 2021 09:09 PM (IST)
बंगाल में चुनाव बाद हिंसा मामले में सीबीआइ ने दुष्कर्म के प्रयास का मामला दर्ज किया
मार्च एवं अप्रैल में आठ चरणों में विधानसभा चुनाव के बाद एजेंसी ने अबतक 45 मामले दर्ज किये हैं।

 राज्य ब्यूरो, कोलकाता : बंगाल में चुनाव बाद हुई हिंसा की कलकत्ता उच्च न्यायालय के निर्देश पर जांच कर रहे केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआइ) ने मुर्शिदाबाद में एक व्यक्ति के विरूद्ध दुष्कर्म के प्रयास का मामला दर्ज किया। सीबीआइ प्रवक्ता ने यह जानकारी दी। प्रवक्ता ने बताया कि मई में नबग्राम क्षेत्र में पुलिस से दुष्कर्म के प्रयास की शिकायत की गई थी लेकिन यह आरोप लगा कि इस संबंध में कोई मामला दर्ज नहीं किया गया। सीबीआइ ने उसी विषय में मामला दर्ज किया है।

लौटते समय कुछ लोगों ने दोनों को घेर लिया था

शिकायतकर्ता महिला ने आरोप लगाया कि जब वह और उसकी एक सहेली मुर्शिदाबाद जिले के कांदी से लौट रही थी तब कुछ लोगों ने उन दोनों को घेर लिया था। महिला के अनुसार एक व्यक्ति ने उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की तथा अन्य ने उसकी सहेली के साथ दुष्कर्म किया।

हत्या एवं दुष्कर्म के मामलों की हो सीबीआइ जांच

शिकायतकर्ता के मुताबिक पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म के संबंध में मामला दर्ज किया और उसकी जांच 25 अगस्त को सीबीआइ ने अपने हाथों में ले ली। उच्च न्यायालय ने 19 अगस्त को आदेश दिया था कि हिंसा के दौरान हुई कथित हत्या एवं दुष्कर्म के मामलों की सीबीआइ द्वारा जांच की जाए। राज्य में मार्च एवं अप्रैल में आठ चरणों में विधानसभा चुनाव संपन्न हो जाने के बाद हिंसा हुई थी। एजेंसी ने अब तक 45 मामले दर्ज किए हैं।

chat bot
आपका साथी