गंगासागर के चक्रवात प्रभावित लोगों में राहत सामग्रियां वितरित करेगी कलकत्ता वस्त्र व्यवसायी सेवा समिति
कलकत्ता वस्त्र व्यवसायी सेवा समिति यास से प्रभावित हुए गंगासागर के लोगों की मदद के लिए वहां स्थित सेवा समिति के स्वर्ग आश्रम भवन में आगामी 13 जून को सुबह 10 बजे से राहत सामग्रियां वितरित की जाएंगी।
कोलकाता, जागरण संवाददाता। महानगर की प्रमुख सेवा संस्था कलकत्ता वस्त्र व्यवसायी सेवा समिति की ओर से चक्रवात 'यास' से प्रभावित हुए गंगासागर के लोगों की मदद के लिए वहां स्थित सेवा समिति के स्वर्ग आश्रम भवन में आगामी 13 जून को सुबह 10 बजे से राहत सामग्रियां वितरित की जाएंगी। सेवा समिति के अध्यक्ष महेंद्र कुमार चौधरी ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि यास से गंगासागर को बहुत ज्यादा नुकसान पहुंचा है। स्थानीय लोग बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।
उनकी मदद के लिए खाद्य सामग्रियां व कपड़े वितरित किए जाएंगे। खाद्य सामग्रियों में चावल, मूड़ी, आलू, नमक व बिस्कुट शामिल हैं। कपड़ों में साड़ी, लुंगी, टी शर्ट व बरमूडा दिए जाएंगे। 500 लोगों में ये राहत सामग्रियां वितरित की जाएंगी। सेवा समिति के सचिव नंदकिशोर भूतड़ा ने बताया कि 13 जून को ही गंगासागर के अन्य क्षेत्रों में भी 300 लोगों में राहत सामग्रियां वितरित की जाएंगी, जिनमें चावल, नमक, आलू व बिस्कुट शामिल होंगे।
सेवा समिति के प्रबंधक राकेश शर्मा ने कहा-'मानव सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं है। सेवा समिति मानव सेवा में हमेशा आगे रहती है। इस विकट परिस्थिति में भी हमारी टीम सेवा कार्य के लिए पूरी तरह से तत्पर है। इस बाबत कोलकाता से हमारी सात सदस्यीय टीम शुक्रवार को गंगासागर के लिए रवाना होगी और वहां की टीम से जुड़ेगी।
हिंदुओं की आस्था के महापर्व मकर संक्रांति पर गंगासागर में लगने वाले सागर मेले के समय स्वर्ग आश्रम भवन में तीर्थयात्रियों के ठहरने, खाने-पीने ठहरने व उपचार की नि:शुल्क समुचित व्यवस्था की जाती है। इसके अलावा माघ पूर्णिमा के पावन अवसर पर भी गंगासागर जाने वाले श्रद्धालुओं की सेवा में सेवा समिति के अधिकारी व सदस्य समर्पित रहते हैं।
राहत सामग्रियों के वितरण में सेवा समिति के संयुक्त उपाध्यक्ष सीताराम वर्मा व मुरारी लाल सराफ, संयुक्त कोषाध्यक्ष बजरंग लाल खेड़िया व राजेश गुप्ता, सह सचिव दयानंद गुप्ता व कमल चंद बैद, जनसंपर्क अधिकारी मनोज जैन व विवेक अग्रवाल एवं सदस्यगण प्रदीप चिरानियां, सुनीत तोदी, सुरेंद्र शर्मा, राम आधार प्रजापति, सुनील गुप्ता व मुकेश गुप्ता की उल्लेखनीय भूमिका रहेगी।