West bengal : बीएसएफ ने सीमा पर चार और बांग्लादेशी घुसपैठिए को पकड़ा

बीएसएफ ने सीमा पर चार बांग्लादेशी घुसपैठिए को पकड़ा हाकिमपुर के जवानों ने एक और बांग्लादेशी महिला को अवैध तरीके से भारत से बांग्लादेश जाते वक्त पकड़ा। महिला की पहचान सलमा शेख (30) के रूप में हुई जो बांग्लादेश के खुलना जिले की रहने वाली है।

By Priti JhaEdited By: Publish:Tue, 19 Oct 2021 09:54 AM (IST) Updated:Tue, 19 Oct 2021 09:54 AM (IST)
West bengal : बीएसएफ ने सीमा पर चार और बांग्लादेशी घुसपैठिए को पकड़ा
बीएसएफ ने सीमा पर चार और बांग्लादेशी घुसपैठिए को पकड़ा

राज्य ब्यूरो, कोलकाता । दक्षिण बंगाल फ्रंटियर अंतर्गत सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने सीमावर्ती उत्तर 24 परगना जिले से अवैध तरीके से अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करते चार और बांग्लादेशी घुसपैठिए को गिरफ्तार किया है। चारों को उस वक्त पकड़ा गया जब वे सीमा चौकी हाकिमपुर, 112वीं बटालियन, उत्तर 24 परगना के क्षेत्र से भारत से बांग्लादेश जाने की कोशिश कर रहे थे।

बीएसएफ की ओर से एक बयान जारी कर यह जानकारी दी गई। इसके अनुसार, पुख्ता जानकारी के आधार पर 17 अक्टूबर की मध्य रात्रि को सीमा चौकी हाकिमपुर, 112वाहिनी, के जवानों ने सीमा पर ड्यूटी के दौरान कुछ व्यक्तियों की संदिग्ध गतिविधि देखी जो कि भारत से बांग्लादेश जाने की कोशिश कर रहे थे। संदेह होने पर जवानों ने उन्हें पकड़ लिया। इनमें एक महिला और उसके दो बच्चे शामिल हैं।

गिरफ्तार महिला प्रियंका बिस्वास (23) के साथ नौ वर्ष की उसकी लड़की और सात वर्ष का लड़का था, जो बांग्लादेश के यशोर जिले के जिनैदाह थाना क्षेत्र का रहने वाला है। एक अन्य घटना में 17 अक्टूबर की शाम में हाकिमपुर के जवानों ने एक और बांग्लादेशी महिला को अवैध तरीके से भारत से बांग्लादेश जाते वक्त पकड़ा। महिला की पहचान सलमा शेख (30) के रूप में हुई, जो बांग्लादेश के खुलना जिले की रहने वाली है।

12 साल पहले भारत आई थी बांग्लादेशी युवती, यहीं पर शादी भी की

इधर, प्रारंभिक पूछताछ में प्रियंका विश्वास ने बताया कि 12 साल पहले वह अवैध तरीके से बांग्लादेश से भारत अपने चाचा देवनाथ से राणाघाट, जिला- नदिया, पश्चिम बंगाल में मिलने आई थी और उन्हीं के घर रहने लगी। फिर उसने वहां एक भारतीय नागरिक प्रलय विश्वास से शादी कर ली। शादी के बाद उसने एक लड़की और एक लड़के को जन्म दिया। उसने बताया कि इसी बीच वह एक बार बांग्लादेश अवैध तरीके से गई और फिर वापस भारत आ गई।

चार साल पहले पति की मौत के बाद ननद के अत्याचार से तंग आकर वापस जा रही थी बांग्लादेश

उसने बताया कि लगभग चार साल पहले उसके पति की मौत हो गई और उसके बाद उसकी ननद उस पर अत्याचार करने लगी। इसलिए उसने अपने बच्चों के साथ बांग्लादेश जाने का फैसला किया। उसने बताया कि वह एक भारतीय दलाल इकबाल, की मदद से सीमा पार करने की कोशिश कर रही थी कि सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने उन्हें पकड़ लिया। दूसरी महिला सलमा शेख ने भी यही बताया कि वह काम के सिलसिले में दो महीने पहले अवैध तरीके से सीमा पार करके करके भारत आई थी और अब वापसी में बीएसएफ द्वारा पकड़ी गई। इधर, बीएसएफ ने आगे की कानूनी कार्यवाही के लिये पकड़े गए सभी व्यक्तियों को स्वरूप नगर पुलिस स्टेशन के हवाले कर दिया है। इधर, दक्षिण बंगाल फ्रंटियर बीएसएफ के प्रवक्ता ने 112वीं वाहिनी के जवानों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह केवल ड्यूटी पर जवानों द्वारा प्रदर्शित सतर्कता के कारण ही संभव हो सका है।

chat bot
आपका साथी