Bengal Assembly Elections 2021: स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनाव रोकने को अनुचित तरीके अपना रहे कुछ पुलिस अफसर- भाजपा

Bengal Assembly Elections 2021 पार्टी के एक प्रतिनिधिदल ने बंगाल के मुख्य चुनाव अधिकारी को इसे लेकर ज्ञापन सौंपा अविलंब आरोपित पुलिस अधिकारियों को हटाने की मांग की। बंगाल भाजपा ने राज्य पुलिस के कुछ अधिकारियों पर चुनावी ड्यूटी में पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया है।

By PRITI JHAEdited By: Publish:Sun, 28 Feb 2021 11:31 AM (IST) Updated:Sun, 28 Feb 2021 11:31 AM (IST)
Bengal Assembly Elections 2021: स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनाव रोकने को अनुचित तरीके अपना रहे कुछ पुलिस अफसर- भाजपा
बंगाल भाजपा ने राज्य पुलिस के कुछ अधिकारियों पर चुनावी ड्यूटी में पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया है।

कोलकाता, राज्य ब्यूरो। बंगाल भाजपा ने राज्य पुलिस के कुछ अधिकारियों पर चुनावी ड्यूटी में पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। पार्टी के एक प्रतिनिधिदल ने शनिवार को बंगाल के मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) आरिज आफताब को इसे लेकर ज्ञापन सौंपा और उन पुलिस अधिकारियों को अविलंब हटाने की मांग की है।

भाजपा के वरिष्ठ नेता व राज्यसभा सदस्य स्वप्न दासगुप्ता ने कहा-'पार्टी के संज्ञान में यह बात आई है कि कुछ पुलिस अधिकारी चुनावी ड्यूटी के लिए चुने गए कर्मियों को आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज जमा करने को कह रहे हैं। इस कवायद से शक पैदा होता है। हम पिछले चार दिनों से इसे लेकर कोलकाता पुलिस आयुक्त से मिलने का समय मांग रहे हैं, लेकिन हमें अब तक समय नहीं दिया गया है इसलिए हम सीईओ के कार्यालय आए हैं।

दासगुप्ता ने आगे कहा-'यह बंगाल में स्वतंत्र और निष्पक्ष विधानसभा चुनाव रोकने के लिए साजिश है। भाजपा नेता सब्यसाची दत्ता ने आरोप लगाया कि आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद भी नगर निकायों के कुछ प्रशासक वर्क आर्डर जारी कर रहे हैं, जो पूरी तरह गैरकानूनी है। गौरतलब है कि बंगाल विधानसभा के लिए आठ चरणों में मतदान कराया जाएगा और इसकी शुरुआत 27 मार्च से होगी। 

chat bot
आपका साथी