इस्लामपुर गोली कांड : भाजपा ने 26 को बुलाया 12 घंटे का बंगाल बंद

इस्लामपुर गोली कांड के खिलाफ प्रदेश भाजपा ने 26 सितंबर को 12 घंटे का 'बंगाल बंद' बुलाया है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 23 Sep 2018 07:59 AM (IST) Updated:Sun, 23 Sep 2018 07:59 AM (IST)
इस्लामपुर गोली कांड : भाजपा ने 26 को बुलाया 12 घंटे का बंगाल बंद
इस्लामपुर गोली कांड : भाजपा ने 26 को बुलाया 12 घंटे का बंगाल बंद

पार्टी ने राज्य में पहली बार अपने बूते बंद बुलाया

-आम जनता से आंदोलन में शामिल होने की अपील

............

जागरण संवाददाता, कोलकाता : इस्लामपुर गोली कांड के खिलाफ प्रदेश भाजपा ने 26 सितंबर को 12 घंटे का 'बंगाल बंद' बुलाया है। बंद की अवधि प्रात: 6 से शाम 6 बजे तक की होगी। शनिवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में हुई बैठक में बंगाल बंद बुलाने का निर्णय लिया गया। उसके बाद प्रदेश भाजपा के महासचिव प्रताप बनर्जी एवं नेता मुकुल राय ने संवाददाता सम्मेलन कर इसकी घोषणा की। उन्होंने इस आंदोलन में आम लोगों से शामिल होने की अपील की। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने राज्य सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ शांतिपूर्ण बंद का आह्वान किया है। राजनीतिक जानकारों के अनुसार भाजपा ने राज्य में पहली बार अपने बूते बंद बुलाया है। इसके पहले भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस द्वारा सिंगुर व नंदीग्राम आंदोलन के समर्थन में बुलाए गए बंद का समर्थन किया था। भाजपा ने इस्लामपुर गोली कांड के साथ ही राज्य की बदहाल कानून-व्यवस्था एवं पुरुलिया में दो कार्यकर्ताओं की हत्या के विरोध में बंगाल बंद का आह्वान किया है। पार्टी ने बंद को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को सड़क पर उतरने का निर्देश दिया है।

उल्लेखनीय है कि गुरुवार को उत्तर दिनाजपुर जिलांतर्गत इस्लामपुर के दाड़ीभिट हाई स्कूल में शिक्षक नियुक्ति को केंद्र कर हुए आंदोलन के दौरान फायरिंग में दो छात्रों की मौत हो गई थी। इस घटना के दूसरे दिन शुक्रवार को भाजपा ने उत्तर दिनाजपुर में बंद बुलाया था, जिसका काफी असर देखा गया था। उसके बाद 26 सितंबर को पूरे बंगाल में बंद बुलाया गया है। भाजपा ने आरोप लगाया कि दो छात्रों की मौत पुलिस की गोली से हुई है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से कहा है कि पुलिस द्वारा गोली चलाए जाने की वजह से दोनों छात्रों की मौत हुई है। घोष ने घटना के असली दोषियों का पता लगाने के लिए सीबीआइ जांच की मांग की है। आरएसएस ने भी इस घटना की सीबीआइ जांच की मांग की है। बताया जाता है कि उक्त स्कूल में जिन विषयों के शिक्षकों की जरूरत थी, प्रशासन ने उसपर ध्यान नहीं देकर किसी अन्य विषय के शिक्षकों की नियुक्ति कर दी थी। इसके खिलाफ छात्र एवं अभिभावक आंदोलन कर रहे थे। प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा कि आखिर एक मामूली बात पर इतनी बड़ी घटना कैसे हो गई? इसकी जांच होनी चाहिए। घटना का दोष दूसरों पर मढ़ने की कोशिश की जा रही है। राज्य में शिक्षा व्यवस्था बेहाल है। छात्र एवं शिक्षक सुरक्षित नहीं हैं। शिक्षा परिसर में हिंसा की घटनाओं के विरोध में भाजपा ने 12 घंटे के बंगाल बंद का आह्वान किया है। गौरतलब है कि पूर्व निर्णय के अनुसार उस दिन भाजपा नवान्न अभियान करने वाली थी, लेकिन बंगाल बंद का आह्वान होने से उस कार्यक्रम को उस दिन रद कर दिया गया है। कार्यकर्ताओं पर हमले एवं राज्य में गणतंत्र की हत्या के विरोध में भाजपा ने उस दिन नवान्न अभियान का एलान किया था।

chat bot
आपका साथी