Bhawanipur Bypoll: भाजपा उम्मीदवार के लिए आज केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी करेंगे ताबड़तोड़ प्रचार

Bhawanipur Bypoll भवानीपुर विधानसभा सीट पर होने जा रहे उपचुनाव के लिए भाजपा (BJP) ने भी कमर कस ली है। इस सीट से भाजपा प्रत्‍याशी प्रियंका टिबड़ेवाल (Priyanka Tibrewal) के समर्थन में केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी (Hardeep Singh Puri) चुनाव प्रचार करेंगे।

By Babita KashyapEdited By: Publish:Wed, 22 Sep 2021 08:51 AM (IST) Updated:Wed, 22 Sep 2021 08:51 AM (IST)
Bhawanipur Bypoll: भाजपा उम्मीदवार के लिए आज केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी करेंगे ताबड़तोड़ प्रचार
भाजपा प्रत्याशी प्रियंका टिबड़ेवाल के समर्थन में चुनाव प्रचार करेंगे केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी

कोलकाता, राज्य ब्यूरो। बंगाल की हाई प्रोफाइल भवानीपुर विधानसभा सीट (Bhawanipur assembly by-poll) पर होने जा रहे उपचुनाव के लिए संग्राम जारी है। इस सीट से खुद राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) चुनाव लड़ रही हैं। 30 सितंबर को होने वाले उपचुनाव के लिए राज्य में मुख्य विपक्षी भाजपा ने भी कमर कस ली है। इस बीच इस सीट से भाजपा प्रत्याशी प्रियंका टिबड़ेवाल (Priyanka Tibrewal) के समर्थन में चुनाव प्रचार के लिए आज केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी (Hardeep Singh Puri) भी चुनावी मैदान में उतर रहे हैं। आज भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में उनका सुबह से ही ताबड़तोड़ कार्यक्रम है। इस दौरान वे छात्रों से लेकर व्यापारिक समुदाय के लोगों के साथ संवाद के अलावा डोर टू डोर कैंपेन भी करेंगे और भाजपा प्रत्याशी के लिए वोट मांगेंगे।

भाजपा द्वारा जारी बयान के अनुसार केंद्रीय मंत्री पुरी सुबह में सबसे पहले भवानीपुर क्षेत्र में स्थित गुरुद्वारा संत कुटिया में जाएंगे और यहां मत्था टेकने के बाद उनके कार्यक्रम की शुरुआत होगी।गौरतलब है कि इस गुरुद्वारे में कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी गईं थी और आशीर्वाद लिया था। इसके बाद पुरी सुबह 8:40 बजे से राय स्ट्रीट में डोर टू डोर कैंपेन करेंगे। इसके बाद केंद्रीय मंत्री पुरी का सुबह 11:00 बजे जनसंघ के संस्थापक डा श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आवास एवं 11:30 बजे नेताजी भवन जाने का कार्यक्रम है जहां वे श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद दोपहर 1:00 बजे वे अलीपुर में एक कार्यकर्ता के घर पर दोपहर का भोजन करेंगे। इसके बाद दो और 2:00 बजे से वे स्टूडेंट मीट में हिस्सा लेंगे। फिर इसके बाद 3:30 से 5:00 बजे तक होटल हिंदुस्तान इंटरनेशनल में बिजनेस कम्युनिटी के लोगों के साथ वे बैठक करेंगे। इसके बाद भी उनका कई कार्यक्रम है। बताते चलें कि भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में बड़ी संख्या में पंजाबी वोटर हैं। ऐसे में भाजपा ने उन्हें अपने पाले में करने के लिए पुरी को प्रचार के लिए उतारा है, जो सिख समुदाय से ही आते हैं।

ममता को टक्कर देंगी प्रियंका टिबड़ेवाल

उल्लेखनीय है कि बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को कड़ी टक्कर देने के लिए भाजपा ने भवानीपुर उपचुनाव में राज्य भाजयुमो उपाध्यक्ष प्रियंका टिबड़ेवाल को अपना उम्मीदवार बनाया है। इससे पहले बंगाल विधानसभा चुनाव में प्रियंका टिबड़ेवाल हार चुकी हैं। प्रियंका पेशे से कलकत्ता उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय में वकील भी हैं। प्रियंका उन याचिकाकर्ताओं में से एक हैं, जिन्होंने राज्य में चुनाव के बाद हुई हिंसा को लेकर कलकत्ता हाई कोर्ट का रुख किया था।इधर, मुख्यमंत्री बने रहने के लिए ममता बनर्जी को राज्य विधानसभा में अपनी जगह बनाने के लिए उपचुनाव जीतने की जरूरत है। यह सीट तृणमूल कांग्रेस के शोभनदेव चट्टोपाध्याय ने मई में खाली की थी। भवानीपुर ममता बनर्जी की परंपरागत सीट है। बता दें कि भवानीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव 30 सितंबर को होंगे। मतों की गिनती और परिणामों की घोषणा तीन अक्टूबर को की जाएगी।

chat bot
आपका साथी