बंगाल में बारिश से जनजीवन पर भारी असर, कोलकाता में जलजमाव, कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात

बंगाल में पिछले कई दिनों से हो रही बारिश से जनजीवन पर भारी असर पड़ा है। कोलकाता की कई सड़कें जलमग्न हैं वहीं सूबे के कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं। हुगली समेत कई नदियों का जलस्तर बढ़ गया है।

By Vijay KumarEdited By: Publish:Sat, 19 Jun 2021 04:58 PM (IST) Updated:Sat, 19 Jun 2021 04:58 PM (IST)
बंगाल में बारिश से जनजीवन पर भारी असर, कोलकाता में जलजमाव, कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात
बंगाल में बारिश से जनजीवन पर भारी असर

राज्य ब्यूरो, कोलकाता : बंगाल में पिछले कई दिनों से हो रही बारिश से जनजीवन पर भारी असर पड़ा है। कोलकाता की कई सड़कें जलमग्न हैं, वहीं सूबे के कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं। हुगली समेत कई नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। दक्षिण 24 परगना जिले में कई जगहों पर तटबंधों के टूटने का खतरा है। अलीपुर मौसम कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार को पूरे दिन बंगाल में बारिश होती रहेगी। कोलकाता में इस दिन अधिकतम तापमान 30 डिग्री व न्यूनतम 24 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। महानगर में पिछले 24 घंटों के दौरान 7.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है।

बारिश की वजह से एक बार में पारा कई डिग्री उतर आया है और मौसम में ठंडक आ गई है। कोलकाता के साथ हावड़ा, हुगली, उत्तर व दक्षिण 24 परगना, पूर्व पश्चिम मेदिनीपुर, पूर्व व पश्चिम बर्द्धमान, नदिया, मालदा, मुर्शिदाबाद समेत अन्य जिलों में भी मूसलाधार बारिश हो रही है।

हावड़ा, हुगली, दक्षिण 24 परगना और पूर्व मेदिनीपुर जिलों के विभिन्न स्थानों पर बाढ़ जैसे हालात हैं। बारिश को लेकर बंगाल के गंगा तटवर्ती जिलों में सतर्कता जारी की गई है। राज्य प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट है और हालात पर नजर रख रहा है। सूबे के तटीय इलाकों पर खास तौर पर नजर रखी जा रही है। मछुआरों को समुद्र में जाने से मना किया गया है। गौरतलब है कि बंगाल की खाड़ी में उत्पन्न हुए निम्न दबाव का हाथ पकड़कर दक्षिण-पश्चिम मानसून सूबे के ज्यादातर हिस्सों में पहुंच गया है।

उत्तर बंगाल के विभिन्न जिलों में भी अच्छी बारिश हो रही है। दार्जिलिंग और कलिंपोंग जैसे बंगाल के पर्वतीय इलाके बारिश से सराबोर हो रहे हैं। बारिश की वजह से वहां भूस्खलन की आशंका भी बढ़ गई है। पड़ोसी पर्वतीय राज्य सिक्किम में भी अच्छी बारिश हो रही है। मौसम विभाग की ओर से इस साल बंगाल समेत देशभर में मानसून की अच्छी बारिश होने का पूर्वानुमान जताया गया है।

chat bot
आपका साथी