Bengal Assembly Elections: बंगाल चुनाव में प्रदेश भाजपा ने पार्टी नेतृत्व से प्रचार के लिए मांगे 6 केंद्रीय मंत्री

बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए सभी दल तैयारियों में जुट गए हैं। भाजपा की बंगाल इकाई ने पार्टी नेतृत्व से छह केंद्रीय मंत्रियों को राज्य में भेजने की मांग की है। पार्टी ने कहा इन मंत्रियों से विधानसभा चुनाव अभियान का कैंपेन करवाया जाए।

By Preeti jhaEdited By: Publish:Thu, 24 Sep 2020 02:26 PM (IST) Updated:Thu, 24 Sep 2020 02:26 PM (IST)
Bengal Assembly Elections: बंगाल चुनाव में प्रदेश भाजपा ने पार्टी नेतृत्व से प्रचार के लिए मांगे 6 केंद्रीय मंत्री
बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए सभी दल तैयारियों में जुटे

कोलकाता, राज्य ब्यूरो। बंगाल में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए सभी दल तैयारियों में जुट गए हैं। भाजपा की बंगाल इकाई ने पार्टी नेतृत्व से छह केंद्रीय मंत्रियों को राज्य में भेजने की मांग की है। पार्टी ने कहा है कि इन छह केंद्रीय मंत्रियों से विधानसभा चुनाव अभियान का कैंपेन करवाया जाए।

बुधवार को दिल्ली में बंगाल भाजपा की कोर कमेटी के नेताओं के साथ चुनाव की रणनीति पर केंद्रीय नेतृत्व ने बैठक की। इस बैठक में राज्य के सभी बड़े नेता, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व बंगाल के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय शामिल हुए। इस दौरान राज्य इकाई ने मांग रखी कि केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी, पीयूष गोयल, प्रह्लाद पटेल, नरेंद्र सिंह तोमर, धर्मेंद्र प्रधान और किरण रिजिजू को चुनाव अभियान के लिए बंगाल भेजा जाए।

डेढ़ महीने तक करेंगे चुनाव प्रचार

पार्टी सूत्रों ने कहा कि भाजपा के ये छह मंत्री करीब डेढ़ महीने तक राज्य में चुनाव प्रचार करेंगे और उसके बाद पार्टी कार्रवाई की अगली तारीख तय करने के लिए बैठक भी करेंगे।

इन मंत्रियों के होंगे चुनाव प्रचार में यह काम

बताया जा रहा है कि स्मृति इरानी बंगला बोलने में धाराप्रवाह हैं। धर्मेंद्र प्रधान को ओडिशा से सटे इलाकों में चुनाव प्रचार के लिए लगाया जाएगा। वहीं रिजिजू उत्तर-पूर्वी राज्यों के पास के इलाकों पर ध्यान केंद्रित करेंगे। नरेंद्र सिंह तोमर कृषि बिल के खिलाफ विपक्ष के अभियान का करारा जवाब देंगे। कहा जा रहा है कि बंगाल में रेलवे का व्यापक नेटवर्क है, इसलिए पीयूष गोयल भी भाजपा के लिए फायदेमंद होंगे। प्रह्लाद पटेल संस्कृति और युवाओं पर केंद्रित रहेंगे। इसीलिए राज्य इकाई ने इन केंद्रीय मंत्रियों को भेजने की मांग की है।

शाह भी कर चुके हैं वर्चुअल रैली

बता दें कि कोरोना संक्रमण के मद्देनजर सभी तरह की गतिविधियों पर लगी लगाम के बीच गृहमंत्री अमित शाह भी कुछ महीने पहले बंगाल में जनसंवाद वर्चुअल रैली को संबोधित कर चुके हैं। वहीं, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी बंगाल में भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ जनसंवाद वैली कर चुके हैं। 

chat bot
आपका साथी