विधानसभा चुनाव के मद्देनजर 28 अक्टूबर को गोवा के दौरे पर जाएंगी बंगाल की मुख्‍यमंत्री ममता बनर्जी, बनाएंगी चुनावी रणनीति

बंगाल विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार प्रचंड जीत के बाद तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) अब भाजपा शासित राज्यों में पार्टी के विस्तार में जुटी है। त्रिपुरा व असम के बाद अब टीएमसी की नजर गोवा पर है। गोवा में अगले साल विधानसभा चुनाव से पहले होगा ममता का दौरा

By Vijay KumarEdited By: Publish:Thu, 21 Oct 2021 06:54 PM (IST) Updated:Fri, 22 Oct 2021 10:55 PM (IST)
विधानसभा चुनाव के मद्देनजर 28 अक्टूबर को गोवा के दौरे पर जाएंगी बंगाल की मुख्‍यमंत्री ममता बनर्जी, बनाएंगी चुनावी रणनीति
गोवा में अगले साल विधानसभा चुनाव से पहले होगा ममता का दौरा

राज्य ब्यूरो, कोलकाता : बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अगले सप्ताह गोवा के दो दिवसीय दौरे पर जाएंगी। तृणमूल कांग्रेस के एक नेता ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। 40 सदस्यीय गोवा विधानसभा के लिए चुनाव अगले साल की शुरुआत में होने हैं, इससे पहले ममता का यह दौरा होगा। वरिष्ठ तृणमूल नेता ने कहा, अपनी उत्तर बंगाल यात्रा से लौटने के बाद, पार्टी प्रमुख 28 अक्टूबर को दो दिवसीय यात्रा पर गोवा के लिए रवाना होंगी। वह गोवा में पार्टी नेताओं के साथ बैठक करेंगी। साथ ही चुनावी रणनीति तैयार करेंगी। हालांकि, उनके यात्रा कार्यक्रम को अभी अंतिम रूप नहीं दिया गया है।

दरअसल, तृणमूल कांग्रेस इस साल की शुरुआत में बंगाल विधानसभा चुनाव में अपनी शानदार जीत के बाद, राष्ट्रीय स्तर पर अपना दायरा बढ़ाने की कोशिश कर रही है और भाजपा शासित गोवा और त्रिपुरा में पैठ बनाने में लगी है।तृणमूल कांग्रेस के एक अन्य नेता ने कहा, ममता दी शायद किसी गठबंधन के लिए छोटे दलों के कुछ नेताओं से मिलें, लेकिन वह उन्हें हमारी पार्टी में शामिल होने के लिए आमंत्रित भी कर सकती हैं।

ममता की यात्रा को लकर भाजपा ने किया कटाक्ष

इधर, भाजपा और कांग्रेस की बंगाल इकाई ने ममता की यात्रा को लकर कटाक्ष किया है और उनकी इस यात्रा को तटीय राज्य (गोवा) के राजनीतिक पर्यटन के रूप में बताया। प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता शमिक भट्टाचार्य ने कहा, गोवा का मौसम अब पर्यटकों के लिए उपयुक्त है। वह वहां छुट्टियां मनाने जा रही हैं।

वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अब्दुल मन्नान ने कहा कि उनकी यात्रा का कोई नतीजा नहीं निकलेगा और इसका उद्देश्य गोवा में ‘उनकी सहयोगी भाजपा’ की मदद करना है। उन्होंने कहा, तृणमूल कांग्रेस लगातार कांग्रेस पर हमला कर रही है और हमारे नेताओं को निशाना बना रही है। तृणमूल कांग्रेस के राजनीतिक रुख का उद्देश्य भाजपा की मदद करना है। वे गोवा में भी वही काम करने की योजना बना रहे हैं।

chat bot
आपका साथी