बंगाल भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने दी चुनौती, सभी दल एक साथ आएं और भाजपा के खिलाफ लड़कर दिखाएं

बंगाल में विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद सियासी पारा गरम है। एक तरफ जहां कांग्रेस व वाममोर्चा नवगठित पार्टी इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आइएसएफ) के साथ गठबंधन कर चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी में है।

By Vijay KumarEdited By: Publish:Mon, 01 Mar 2021 09:07 PM (IST) Updated:Mon, 01 Mar 2021 09:07 PM (IST)
बंगाल भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने दी चुनौती, सभी दल एक साथ आएं और भाजपा के खिलाफ लड़कर दिखाएं
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा, चुनाव में हार देखकर अभी से घबराई हुई है तृणमूल कांग्रेस

राज्य ब्यूरो, कोलकाता : बंगाल में विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद सियासी पारा गरम है। एक तरफ जहां कांग्रेस व वाममोर्चा नवगठित पार्टी इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आइएसएफ) के साथ गठबंधन कर चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी में है। वहीं सत्तारुढ़ तृणमूल कांग्रेस, भाजपा को हराने के लिए वामो व कांग्रेस से साथ देने की लगातार अपील कर रही हंै।

इस बीच प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने सोमवार को तृणमूल पर हमला बोलते हुए कहा कि वह चुनाव में हार देखकर अभी से घबराई हुई है। उसमें आत्मविश्वास की कमी है, इसीलिए तृणमूल सरकार में मंत्री तापस राय वामो व कांग्रेस से तृणमूल का साथ देने की अपील कर रहे हैं। घोष ने इस दौरान चुनौती देते हुए कहा कि हम चाहते हैं कि सभी दल एक साथ आएं और भाजपा के खिलाफ लड़कर दिखाएं। यह लड़ाई भाजपा बनाम अदर्स हो।

वहीं, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव के सोमवार को कोलकाता में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मुलाकात एवं चुनाव में तृणमूल को समर्थन देने की घोषणा पर भी घोष ने कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि 2019 में लोकसभा चुनाव से पहले भी ममता बनर्जी ने कोलकाता में विपक्षी दलों के नेताओं का जमावड़ा किया था और तेजस्वी भी दीदी के हाथ से दाल-भात, माछ खाकर गए थे, लेकिन चुनाव में क्या हश्र हुआ यह सभी ने देखा। घोष ने कहा कि विधानसभा चुनाव में एक बार फिर ये लोग फेल होंगे। दूसरी ओर, विधानसभा चुनाव के लिए टिकट बंटवारे के बारे में पूछे गए सवाल पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि सभी क्षेत्रों के सफल लोग जिनमें चुनाव जीतने की संभावना है, उन्हें पार्टी टिकट देगी।

chat bot
आपका साथी