बंगाल भाजपा के नए अध्यक्ष का पदभार संभालते ही डा सुकांत ने बोला ममता पर हमला, कहा- बंगाल में चल रहा तालिबान का शासन
बंगाल भाजपा के नए अध्यक्ष बने डा सुकांत मजूमदार ने मंगलवार को पदभार संभालते ही ममता सरकार पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद राज्य में व्यापक पैमाने पर भाजपा कार्यकर्ताओं पर अत्याचार हुआ है।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : बंगाल भाजपा के नए अध्यक्ष बने डा सुकांत मजूमदार ने मंगलवार को पदभार संभालते ही ममता सरकार पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद राज्य में व्यापक पैमाने पर भाजपा कार्यकर्ताओं पर अत्याचार हुआ है। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने अपनी जान गंवाई है। बंगाल में तालिबान का शासन चल रहा है। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि बंगाल में 'तालिबान' के खिलाफ हमारी लड़ाई जारी रहेगी और आने वाले दिनों में भाजपा इस तालिबानी सरकार को उखाड़ फेंकेगी।
कोलकाता स्थित प्रदेश भाजपा मुख्यालय में पदभार संभालने के बाद यहां पत्रकारों से बात करते हुए मजूमदार ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) एक पारिवारिक संपत्ति में बदल गई है और सत्ता हासिल करना ही उसका मूल लक्ष्य है। लेकिन भाजपा साधारण लोगों को अवसर देती है। मैं लोगों को धन्यवाद देता हूं जिसने बंगाल को अफगानिस्तान बनने से बचाया।
उन्होंने विधानसभा चुनाव के बाद पार्टी छोड़ने वाले नेताओं के बारे में कहा कि कोई सोचता है कि भाजपा छोड़ने से पार्टी खत्म हो जाएगी तो यह भूल है। ऐसा नहीं होगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा किसी एक नेतृत्व पर नहीं चलती बल्कि एक टीम के रूप में काम करती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि एक व्यक्ति के रूप में नहीं बल्कि यहां भी हम एक टीम के रूप में काम करेंगे।
'विधानसभा चुनाव के दौरान हुई थी कुछ गलतियां, इसीलिए हुई हार'
इस दौरान मजूमदार ने यह भी कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान कुछ गलतियां हुई थी जिसके कारण भाजपा हार गईं। इन कमियों को दूर कर नई रणनीति के साथ अब लड़ाई लड़ी जाएगी। हम पंचायत, नगर पालिकाओं और लोकसभा सहित आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करेंगे। वहीं, दिलीप घोष ने भी इस बात को स्वीकार किया कि चुनाव के दौरान कुछ कमियां रह गई थी। अब नए अध्यक्ष बनाए गए हैं और नई रणनीति के साथ लड़ाई लड़ी जाएगी। उन्होंने मजूमदार को पूरा सहयोग का भरोसा दिया। मजूमदार ने आगे कहा कि टीएमसी स्थानीय निकाय चुनावों में केंद्रीय बलों का उपयोग करके यदि लोगों को निडर होकर वोट देने की हिम्मत करती है तो हम उन्हें दिखाएंगे कि भाजपा क्या कर सकती। इससे पहले प्रदेश कार्यालय में पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मजूमदार का जोरदार स्वागत किया।
दिलीप घोष की जमकर की तारीफ, बंगाल के इतिहास का सबसे सफल प्रदेश अध्यक्ष बताया
मजूमदार ने इस दौरान दिलीप घोष की भी जमकर तारीफ की और उन्हें बंगाल के इतिहास में सबसे सफल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बताया। उन्होंने कहा कि वह उनकी सलाह का पालन करेंगे और काम को आगे बढ़ाएंगे। दिलीप दा ने जो किया है, उन्हें आगे बढ़ाने की हमारी चुनौती है। मैं दिलीप दा की हर सलाह मानूंगा। उल्लेखनीय है कि भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने एक दिन पहले ही बंगाल में बड़ा फेरबदल करते हुए दिलीप घोष की जगह उत्तर बंगाल के बालुरघाट से सांसद सुकांत मजूमदार को नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं, दिलीप घोष को पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।