मृत भाजपा नेता के शव के साथ प्रदर्शन, सीएम आवास के पास पुलिस के साथ भाजपा नेताओं की हाथापाई

Bengal BJP बंगाल विधानसभा चुनाव में मगराहाट पश्चिम से भाजपा के उम्मीदवार रहे मानस साहा की मौत के बाद उनकी शव यात्रा रोके जाने को लेकर गुरुवार को कोलकाता में भाजपा नेताओं व पुलिस के बीच जमकर बवाल हुआ।

By Vijay KumarEdited By: Publish:Thu, 23 Sep 2021 11:24 PM (IST) Updated:Thu, 23 Sep 2021 11:24 PM (IST)
मृत भाजपा नेता के शव के साथ प्रदर्शन, सीएम आवास के पास पुलिस के साथ भाजपा नेताओं की हाथापाई
कोलकाता में भाजपा नेताओं व पुलिस के बीच जमकर बवाल

राज्य ब्यूरो, कोलकाता : बंगाल विधानसभा चुनाव में मगराहाट पश्चिम से भाजपा के उम्मीदवार रहे मानस साहा की मौत के बाद उनकी शव यात्रा रोके जाने को लेकर गुरुवार को कोलकाता में भाजपा नेताओं व पुलिस के बीच जमकर बवाल हुआ। दो मई को चुनाव नतीजे के दिन कथित रूप से तृणमूल कांग्रेस समर्थित गुंडे के हमले में घायल मानस साहा की बुधवार को मौत हो गई थी। गुरुवार शाम को मृत भाजपा नेता साहा के शव को लेकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार, सांसद अर्जुन सिंह, व भवानीपुर सीट से पार्टी उम्मीदवार प्रियंका टिबड़ेवाल शव को लेकर जा रहे थे।

भाजपा नेता मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास के पास शव को ले जाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन लोगों को जाने से रोक दिया। इसको लेकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व अन्य नेताओं की पुलिस के साथ हाथापाई भी हुई।इसके बाद शव यात्रा को रोके जाने से नाराज होकर भाजपा नेताओं ने सीएम आवास के पास ही सड़क पर शव के साथ कुछ देर तक धरना दिया और जमकर प्रदर्शन किया। इस घटना के बाद भाजपा ने पुलिस पर अपने प्रदेश अध्यक्ष व अन्य नेताओं के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है।

भाजपा सांसद अर्जुन सिंह ने साधा निशाना

इधर, इस घटना के बाद बैरकपुर से भाजपा सांसद अर्जुन सिंह ने निशाना साधते हुए कहा कि वे लोग मृतक के शव को सीएम ममता बनर्जी के आवास के पास ले जाना चाह रहे थे, लेकिन पुलिस पूरी तरह से तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की दास हो गई है। पुलिस ने भाजपा नेताओं के साथ दुर्व्यवहार किया है। उन्होंनेे कहा कि भाजपा नेताओं को जानबूझ कर निशाना बनाया जा रहा है।

बंगाल में चुनाव के बाद हुई हिंसा में सैंकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं की जान गई है और हजारों लोग बेघर हो गए हैं, लेकिन ममता बनर्जी की सरकार हत्यारों का साथ दे रही है। उल्लेखनीय है कि दक्षिण 24 परगना जिले के मगराहाट पश्चिम से भाजपा के उम्मीदवार रहे मानस साहा की बुधवार को मौत हो गई थी। चुनाव परिणाम के दिन दो मई को मानस साहा सहित भाजपा समर्थकों पर कथित रूप से तृणमूल कांग्रेस समर्थित बदमाशों ने डायमंड हार्बर कालेज के मतगणना केंद्र से वापस जाते समय हमला किया था।

chat bot
आपका साथी