विधानसभा चुनाव को भाजपा तैयार कर रही 'टैलेंट पूल'

जागरण संवाददाता कोलकाता पश्चिम बंगाल में लोकसभा चुनाव में मिली सफलता को वर्ष 2021 के विध

By JagranEdited By: Publish:Mon, 14 Oct 2019 11:01 AM (IST) Updated:Mon, 14 Oct 2019 11:01 AM (IST)
विधानसभा चुनाव को भाजपा तैयार कर रही 'टैलेंट पूल'
विधानसभा चुनाव को भाजपा तैयार कर रही 'टैलेंट पूल'

जागरण संवाददाता, कोलकाता : पश्चिम बंगाल में लोकसभा चुनाव में मिली सफलता को वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में और बेहतर बनाने के उद्देश्य से प्रदेश भाजपा अपने कार्यकर्ताओं के बीच से उम्मीदवारों के चयन के लिए प्रतिभाशाली लोगों का समूह 'टैलेंट पूल' तैयार कर रही है। पार्टी सूत्रों के अनुसार इस समूह का लक्ष्य भाजपा कार्यकर्ताओं को मजबूत जमीनीस्तर के नेताओं के रूप में तैयार करना है। यह कार्य के इस साल के अंत तक या वर्ष 2020 के आरंभ तक पूरा हो जाने की संभावना है। उल्लेखनीय है कि भाजपा ने अप्रैल-मई में हुए संसदीय चुनाव में बंगाल की 42 में से 18 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल की थी जबकि सत्तारूढ़ तृणमूल काग्रेस ने 22 सीटें जीती थीं। भाजपा के लिए 2014 के मुकाबले 2019 के लोकसभा चुनाव में यह शानदार प्रदर्शन था। उसे 2014 के आम चुनाव में राज्य में महज दो सीटें ही मिली थीं। प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा, 'हमने प्रतिभाशाली लोगों के समूह के गठन के लिए हर निर्वाचन क्षेत्र से अपनी पार्टी के चार सदस्यों की पहचान की प्रक्रिया शुरू की है। चुने गए पार्टी कार्यकर्ताओं को भावी संगठनात्मक नेताओं और 2021 के विधानसभा चुनाव के लिए संभावित उम्मीदवारों के रूप में तैयार किया जाएगा।' पार्टी के एक अन्य नेता ने कहा कि इस कार्य का उद्देश्य पार्टी कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक एवं जनाधार वाले नेताओं के रूप में तैयार करना तथा उन्हें उनके क्षेत्रों में पार्टी का चेहरा बनाना है। भाजपा विधानसभा क्षेत्र में चुने गए चार सदस्यों के कामकाज के आतरिक मूल्याकन के आधार पर उनमें से एक को अपना उम्मीदवार बनाएगी और बाकी को संगठन की जिम्मेवारियां दी जाएंगी। इसमें पुराने कार्यकर्ताओं को महत्व दिया जाएगा, लेकिन यदि अन्य दल से पार्टी में शामिल हुआ व्यक्ति बेहतर पाया गया तो उसे मौका मिलेगा। पार्टी के पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी। भाजपा अच्छे संगठनकर्ताओं और राजनीतिक कार्यकर्ताओं को अपने संगठन के अंदर लाने के लिए पार्टी में फेरबदल करेगी। भाजपा के बंगाल प्रभारी व राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, 'जिलों और स्थानीय क्षेत्रों, जहा बस नियुक्ति के नाम पर पहले नेता नियुक्त किए गए थे, उनके स्थान पर अच्छे और कुशल व्यक्ति लाए जाएंगे, लेकिन जो अच्छे संगठनकर्ता और नेता हैं, उन्हें नई समितियों में बरकरार रखा जाएगा। भाजपा ने 294 सदस्यीय विधानसभा में कम से कम 250 सीटें जीतने का लक्ष्य तय किया है।

chat bot
आपका साथी