दुर्गा पूजा उत्सव की शुरुआत पर बोले पीएम- आत्मनिर्भर भारत के संकल्प से सोनार बांग्ला के संकल्प को करना है पूरा

Kolkata Durga puja 2020 प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की ओर से कोलकाता के साल्टलेक स्थित पूर्वी क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्र (ईजेडसीसी) में पहली बार आयोजित की गई दुर्गा पूजा जिसका आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डिजिटल माध्यम से उद्घाटन किया।

By Preeti jhaEdited By: Publish:Thu, 22 Oct 2020 07:19 AM (IST) Updated:Thu, 22 Oct 2020 06:24 PM (IST)
दुर्गा पूजा उत्सव की शुरुआत पर बोले पीएम- आत्मनिर्भर भारत के संकल्प से सोनार बांग्ला के संकल्प को करना है पूरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बंगाल में डिजिटल माध्यम से दुर्गापूजा पंडाल का उद्घाटन किया।

कोलकाता , राज्य ब्यूरो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को बंगाल में महाषष्ठी से दुर्गा पूजा उत्सव की शुरुआत के मौके पर डिजिटल माध्यम से राज्य के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि देश के निर्माण तथा विकास में बंगाल का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत के संकल्प से सोनार बांग्ला के संकल्प को पूरा करने का आह्वान करते हुए बंगाल की समृद्ध और संपन्न विरासत को फिर से नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने का संकल्प जताया। भाजपा महिला मोर्चा की ओर से कोलकाता के साल्टलेक में पूर्वी क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्र (ईजेडसीसी) में आयोजित दुर्गा पूजा पंडाल का उद्घाटन के मौके पर पीएम के संबोधन का राज्य के सभी 294 विधानसभा सीटों के 78 हजार से ज्यादा बूथों पर प्रसारण किया गया। 

राज्य की महान विभूतियों को याद करते हुए पीएम ने कहा कि चेतना हो या अध्यात्म, विज्ञान हो या कला और संस्कृति हर क्षेत्र में बंगाल ने देश को प्रगति की राह दिखाई तथा पूरी दुनिया में भारत का नाम रोशन किया। उन्होंने कहा कि आज के भारत को गढ़ने में बंगाल का इतना बड़ा योगदान है, इतने नाम हैं कि सुबह से शाम हो जाएगी लेकिन नाम खत्म नहीं होंगे। वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से पूजोर शुभेच्छा (पूजा की शुभकामनाएं) कार्यक्रम के तहत राज्य के लोगों को दिए अपने संदेश में पीएम ने अपने भाषण का शुभारंभ तथा समाप्ति बांग्ला में ही किया तथा महिला सशक्तीकरण  से लेकर बंगाल के विकास के लिए केंद्र की तरफ से उठाए गए कदमों की विस्तार से चर्चा की। दुर्गा पूजा संबोधन के जरिए पीएम ने अगले साल विधानसभा चुनाव से पहले बंगाल में भाजपा के चुनाव प्रचार का भी श्रीगणेश कर दिया। 

21वीं सदी में आत्मनिर्भर भारत का नया संकल्प बंगाल की धरती से होगा मजबूत

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में  कहा कि यह बंगाल की पवित्र धरती है, जिसने आजादी के आंदोलन में स्वदेशी को संकल्प बनाने का काम किया। बंगाल की धरती से ही गुरुदेव रविंद्र नाथ टैगोर और बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय ने आत्मनिर्भर किसान, आत्मनिर्भर जीवन का संदेश दिया था। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी में आत्मनिर्भर भारत का नया संकल्प भी बंगाल की धरती से मजबूत होगा।

 

पूर्वोदय का केंद्र बनकर बंगाल देगा नई दिशा 

पीएम ने कहा कि केंद्र सरकार ने पूर्वोदय का मंत्र अपनाया है। पूर्वी भारत के विकास के लिए निरंतर फैसले लिए हैं। पूर्वोदय के इस मिशन में बंगाल को महत्वपूर्ण भूमिका निभानी है। मुझे भरोसा है कि पूर्वोदय का केंद्र बनकर बंगाल जल्द ही एक नई दिशा की तरफ बढ़ेगा। 

केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाई

पीएम ने कहा कि बंगाल के तेज विकास के लिए निरंतर काम किया जा रहा है। बंगाल में पीएम आवास के तहत 30 लाख घर बनाए जा चुके है। उज्ज्वला योजना में यहां 90 लाख महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन दिए गए। बंगाल में चार करोड़ जनधन बैंक खाते खोले गए। कोलकाता में मेट्रो प्रोजेक्ट में तेजी लाई गई है। पीएम ने कहा कि शांति के साथ हमें भाईचारे को आगे बढ़ाना है और देश की एकता के लिए काम करना है। उन्होंने इशारों में बंगाल में हिंसा का भी जिक्र किया और कहा कि इसके खिलाफ हमें अहिंसा से लड़ाई जितनी है। 

नारी शक्ति सभी चुनौतियों को परास्त करने की ताकत रखती है : मोदी 

प्रधानमंत्री ने इस दौरान नारी शक्ति को नमन करते हुए कहा कि वह सभी चुनौतियों को परास्त करने की ताकत रखती है। हर किसी को उनके साथ खड़े रहना चाहिए। भाजपा के यही विचार, संस्कार और संकल्प हैं। उन्होंने कहा कि देश में महिलाओं के सशक्तीकरण का अभियान जारी है। तीन तलाक के खिलाफ कानून हो या फिर जनधन योजना में महिलाओं के नाम से खाते हो। स्वच्छ भारत के तहत शौचालय का निर्माण हो या फिर रसोई गैस में सिलेंडर पहुंचाना हो, सरकार ने महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए काम किए हैं। महिलाओं की सुरक्षा के लिए सरकार सजग है, दुराचार करने वालों को मृत्युदंड का प्रावधान किया गया है।

पूजा को चुनावी मंच के तौर पर इस्तेमाल करना चाहती है भाजपा : तृणमूल

इधर, प्रधानमंत्री के संबोधन पर सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ मंत्री सुब्रत मुखर्जी ने कहा कि भाजपा दुर्गा पूजा को चुनावी मंच के तौर पर इस्तेमाल करना चाहती है। तृणमूल की ओर से कहा गया कि बंगाल के लोग पीएम के झांसे में आने वाले नहीं हैं और फिर ममता बनर्जी की सरकार ही अगले साल बनेगी।

chat bot
आपका साथी