Bangal TMC: तृणमूल कांग्रेस ने ममता बनर्जी को बताया पीएम मोदी का विकल्प, राहुल गांधी को चेहरा मानने से किया इनकार

लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा के खिलाफ विपक्षी दलों के एकजुट होने की बातें हो रही हैं। इधर तृणमूल कांग्रेस ने शुक्रवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को विपक्ष का चेहरा मानने से इन्कार करते हुए उन्हें किनारे लगा दिया।

By Vijay KumarEdited By: Publish:Fri, 17 Sep 2021 09:33 PM (IST) Updated:Fri, 17 Sep 2021 09:33 PM (IST)
Bangal TMC: तृणमूल कांग्रेस ने ममता बनर्जी को बताया पीएम मोदी का विकल्प, राहुल गांधी को चेहरा मानने से किया इनकार
तृणमूल कांग्रेस ने ममता बनर्जी को बताया पीएम मोदी का विकल्प

राज्य ब्यूरो, कोलकाताः लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा के खिलाफ विपक्षी दलों के एकजुट होने की बातें हो रही हैं। इधर, तृणमूल कांग्रेस ने शुक्रवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को विपक्ष का चेहरा मानने से इन्कार करते हुए उन्हें किनारे लगा दिया। तृणमूल नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को चेहरा बता रहे हैं।

शुक्रवार को तृणमूल कांग्रेस ने अपने मुखपत्र में संपादकीय में भी मोदी का विकल्प ममता को बताया है। कोलकाता में हुई तृणमूल कांग्रेस की आंतरिक बैठक में यह बात सामने आई। अब जब विपक्षी दलों के एक साथ आने की अटकलें तेज हो रही हैं, तो ऐसे समय में तृणमूल नेता की तरफ से आए इस बयान को काफी अहम माना जा रहा है।

तृणमूल के कद्दावर नेता व वरिष्ठ सांसद सुदीप बंद्योपाध्याय ने कहा कि हम कांग्रेस के बगैर गठबंधन की बात नहीं कर रहे हैं। मैं काफी लंबे समय से राहुल गांधी को देख रहा हूं। उन्होंने अभी तक खुद को मोदी के विकल्प के तौर पर विकसित नहीं किया है। पूरा देश ममता को चाहता है, इसलिए हम ममता का चेहरा सामने रखेंगे और प्रचार अभियान चलाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी नरेंद्र मोदी को नहीं हरा सकते, वहीं माकपा का देश में कोई महत्व नहीं है। हाल ही में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक ने भी एक बयान के जरिए कांग्रेस को कमजोर बताया था।

तृणमूल ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के लिए हमेशा सम्मान रखा है, लेकिन जब भी बात राहुल गांधी की आती है, तो पार्टी के नेताओं ने आपत्ति जाहिर की है। पार्टी चाहती है कि ममता विपक्ष का चेहरा बनें और पार्टी के नेताओं ने यह मांग बार-बार दोहराई है। हालांकि, सीएम बनर्जी अब तक यही कह रही हैं कि उनके लिए पद से ज्यादा विपक्ष की एकता मायने रखती है।

गौरतलब है कि पिछले दिनों ममता बनर्जी ने कहा था कि 2024 के लोकसभा चुनाव में विपक्ष भाजपा से ज्यादा मजबूत होगा और इतिहास रचेगा। उनका कहना है कि अगला चुनाव ‘मोदी बनाम पूरा देश’ होगा। पत्रकारों के सवालों पर ममता बनर्जी ने कहा था कि हम पार्टियों से बात करेंगे। एक प्लेटफार्म होना चाहिए, जहां से हम साथ चलें। संसद सत्र के बाद सभी पार्टियां आपस में बैठ कर बात करेंगी। उन्होंने यह भी बताया था कि उनकी राहुल और सोनिया गांधी से मुलाकात अच्छी रही हैं। उन्हें लगता है कि भविष्य में इसका सकारात्मक परिणाम सामने आएगा। मगर अब तृणमूल की कांग्रेस के साथ बेरुखी दिखाई दे रही है

chat bot
आपका साथी