आज़ादी का अमृत महोत्सव : बीएसएफ की 153वीं बटालियन ने फिट इंडिया रन का किया आयोजन, 150 जवानों व अधिकारियों ने लिया हिस्सा

153वीं बटालियन ने भारत सरकार के आजादी का अमृत महोत्सव अभियान के तहत फिट इंडिया मूवमेंट रन 2.0 आयोजित किया। 10 किलोमीटर लंबे इस फिट इंडिया फ्रीडम रन कार्यक्रम को जोरदार प्रतिक्रिया मिली और अधिकारियों जवानों व महिलाओं ने बढ़-चढकर इसमें हिस्सा लिया।

By Priti JhaEdited By: Publish:Sun, 12 Sep 2021 09:23 AM (IST) Updated:Sun, 12 Sep 2021 09:23 AM (IST)
आज़ादी का अमृत महोत्सव : बीएसएफ की 153वीं बटालियन ने फिट इंडिया रन का किया आयोजन, 150 जवानों व अधिकारियों ने लिया हिस्सा
फिट इंडिया फ्रीडम रन में दौड़ लगाते बीएसएफ अधिकारी व कर्मी।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। दक्षिण बंगाल फ्रंटियर अंतर्गत सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की 153वीं बटालियन ने भारत सरकार के आजादी का अमृत महोत्सव अभियान के तहत फिट इंडिया मूवमेंट रन 2.0 आयोजित किया। 10 किलोमीटर लंबे इस फिट इंडिया फ्रीडम रन कार्यक्रम को जोरदार प्रतिक्रिया मिली और अधिकारियों, जवानों व महिलाओं ने बढ़-चढकर इसमें हिस्सा लिया। बटालियन के कमांडेंट जवाहर सिंह नेगी के नेतृत्व में सुबह छह बजे कल्याणी के जागुली स्थित बटालियन मुख्यालय से इस दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

इस दौड़ में बीएसएफ के करीब 150 जवानों व अधिकारियों, उनके परिवार की महिला सदस्यों व स्थानीय लोगों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। इनमें छह वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा 35 अधीनस्थ अधिकारी एवं 86 जवानों व अन्य के अलावा 32 महिलाएं शामिल थी। करीब 10 किलोमीटर की दूरी तय कर यह फ्रीडम रन पुनः बटालियन मुख्यालय में आकर समाप्त हुई।

इस मौके पर प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया गया।इस अवसर पर बीएसएफ कमांडेंट जवाहर सिंह नेगी ने अपने संबोधन में कहा कि स्थानीय लोगों में स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए बीएसएफ हमेशा इस तरह की गतिविधियों का आयोजन करता रहा है। उन्होंने कहा कि फिट इंडिया मूवमेंट रन भारत सरकार का राष्ट्रव्यापी अभियान है, जो नागरिकों की ज्यादा से ज्यादा भागीदारी पर ध्यान केंद्रित करेगा।

उन्होंने जवानों व अधिकारियों के साथ यहां उपस्थित सभी लोगों को पीटी व योगा के महत्व के बारे में बताया। साथ ही उन्होंने सभी बीएसएफ कार्मिकों व आम नागरिकों को नियमित रूप से इसे अपनाने को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि परिष्कृत और तेजस्वी व्यक्तित्व के निर्माण के लिए हर व्यक्ति को फिटनेस गतिविधियों में शामिल होना चाहिए और रोजाना कम से कम 30 मिनट का शारीरिक व्यायाम जरूर करना चाहिए। इससे न सिर्फ शरीर स्वस्थ रहता है बल्कि विभिन्न प्रकार की बीमारियों से भी बचाव होता है। साथ ही अपने- अपने क्षेत्र में कार्यस्थल पर काम में भी मन लगता है। 

chat bot
आपका साथी