Amit Shah In West Bengal: बंगाल में भाजपा की सरकार बनने पर गंगासागर को देंगे राष्ट्रीय मेले का दर्जा: अमित शाह

Amit Shah In West Bengal केंद्रीय गृहमंत्री और भाजपा के दिग्गज नेता अमित शाह ने दक्षिण 24 परगना में कहा कि बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने पर गंगासागर मेले को राष्ट्रीय मेले का दर्जा दिया जाएगा।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Publish:Thu, 18 Feb 2021 04:25 PM (IST) Updated:Thu, 18 Feb 2021 04:25 PM (IST)
Amit Shah In West Bengal: बंगाल में भाजपा की सरकार बनने पर गंगासागर को देंगे राष्ट्रीय मेले का दर्जा: अमित शाह
बंगाल में भाजपा की सरकार बनने पर गंगासागर को देंगे राष्ट्रीय मेले का दर्जा: अमित शाह। फोटो जागरण

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। Amit Shah In West Bengal: बंगाल में भाजपा की सरकार बनने पर गंगासागर मेले को राष्ट्रीय मेले का दर्जा दिया जाएगा। केंद्रीय गृहमंत्री व भाजपा के दिग्गज नेता अमित शाह ने गुरुवार को दक्षिण 24 परगना जिले के नामखाना में पांचवीं परिवर्तन यात्रा को हरी झंडी दिखाने के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए यह एलान किया। उन्होंने गंगासागर को अंतरराष्ट्रीय स्तर के सांस्कृतिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की भी बात कही। शाह ने इस दिन गंगासागर तट का मुआयना किया और कपिल मुनि मंदिर में पूजा-अर्चना की। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी केंद्र पर गंगासागर मेले की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए वर्षों से इसे राष्ट्रीय मेले का दर्जा देने की मांग करती आ रही हैं। अब शाह ने खुद ही यह आश्वासन दे दिया है।

उन्होंने जिले के लाखों मछुआरों को लुभाते हुए उनके लिए अलग मंत्रालय गठित करने का भी भरोसा दिया। साथ ही साल में उन्हें छह हजार रुपये दिए जाने की भी बात कही। शाह ने कहा कि बंगाल के चार लाख मछुआरों को यह सुविधा मिलेगी। केंद्रीय गृहमंत्री ने बंगाल विधानसभा चुनाव में बड़ी तादाद में केंद्रीय बलों की तैनाती के संकेत देते हुए मतदाताओं से कहा-'आप निर्भय होकर मतदान करें। मतदान के दिन सड़क पर तृणमूल का एक भी गुंडा नजर नहीं आएगा।

तृणमूल के सिंडिकेट से है हमारी लड़ाई

शाह ने कहा-'हम बंगाल में बदलाव करने आए हैं। हमारी लड़ाई तृणमूल के सिंडिकेट से है। वे जनता तक केंद्र से दिए जा रहे फायदे नहीं पहुंचने देते। केंद्र से भेजा गया चावल व एम्फन की राहत सामग्रियां डकार गए हैं। भाजपा की सरकार बनने पर बंगाल को भ्रष्टाचार-मुक्त किया जाएगा। भ्रष्टाचार के सारे मामलों की उच्च स्तरीय जांच कराकर सारे भ्रष्टाचारियों को कानून के हवाले किया जाएगा। शाह ने आगे कहा कि भाजपा के शासन में बंगाल में घुसपैठिए तो क्या, एक परिंदा भी पर नहीं मार पाएगा। तृणमूल के गुंडों को जहां छिपना है, छिप जाएं, भाजपा की सरकार बनने पर उन्हें पाताल से भी ढूंढकर जेल भेजा जाएगा।

बंगाल में लागू कराएंगे सातवां वेतन आयोग

शाह ने कहा-'बंगाल की आर्थिक स्थिति बदहाल है। बंगाल सरकार के कर्मचारियों के लिए अब तक सातवां वेतन आयोग लागू नहीं हो पाया है। बंगाल में भाजपा की सरकार बनने पर हम यहां सातवां वेतन आयोग लागू करवाएंगे। शिक्षकों को उचित वेतन मिले, इसके लिए एक कमेटी गठित की जाएगी। शाह ने इस मौके पर मुख्यमंत्री के सांसद भतीजे अभिषेक पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा-'तृणमूल का एक ही नारा है-भतीजे को बढ़ावा। भतीजे का कल्याण छोड़कर तृणमूल के मन में कोई अभिलाषा नहीं है।

 जय श्रीराम का नारा बंगाल में चल रहे तुष्टीकरण के खिलाफ

शाह ने कहा कि जय श्रीराम का नारा बंगाल में चल रहे तुष्टीकरण के नारे के खिलाफ है। पता नहीं ममता दीदी को इससे क्यों परेशानी हो रही है। बंगाल में ममता सरकार ने सरस्वती पूजा रोक दी थी। अब भाजपा के दबाव में आकर वही इसका आयोजन कर रही है।

शरणार्थी परिवार के घर दोपहर का भोजन, फिर रोड शो

जनसभा के बाद शाह ने नारायणपुर गांव में एक गरीब शरणार्थी परिवार के घर पर दोपहर का भोजन किया। भोजन के पश्चात उन्होंने काकद्वीप में काली मंदिर से एसबीआइ ब्रांच तक रोड शो किया। रोड शो में बड़ी तादाद में लोग उमड़े और जय श्रीराम के खूब नारे लगे।

भारत सेवाश्रम संघ की प्रेरणा से श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने बंगाल का मुद्दा उठाया

शाह गुरुवार सुबह दक्षिण कोलकाता में स्थित भारत सेवाश्रम संघ के दफ्तर पहुंचे। वहां उन्होंने पूजा और आरती की। शाह ने संघ के संस्थापक स्वामी प्रणवानंद महाराज की 125वीं जयंती पर के राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को स्मरण करते हुए कहा-'उन्होंने उस समय स्वधर्म और स्वराज की संकल्पना को बुलंद किया, जब इसकी सबसे अधिक जरूरत थी। मैं बचपन से भारत सेवाश्रम संघ से जुड़ा हुआ हूं। इसी से प्रेरित होकर श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने बंगाल का मुद्दा उठाया था, वरना आज बंगाल भी बांग्लादेश में होता।

जानें, क्या है भारत सेवाश्रम संघ

भारत सेवाश्रम संघ हिंदू दातव्य गैरसरकारी संगठन है। इसकी स्थापना 1917 में आचार्य श्रीमत स्वामी प्रणवानंदजी महाराज ने की थी। संघ के भारत के अलावा ब्रिटेन, अमेरिका, गुयाना, त्रिनिदाद और टोबैगो, कनाडा, फिजी और बांग्लादेश समेत अन्य देशों में सैकड़ों आश्रम हैं। संघ ने अफ्रीकी देशों, मलेशिया और इंडोनेशिया में कई मानव कल्याण मिशन शुरू किए हैं। भारत सेवाश्रम संघ गरीबों की मदद, स्वास्थ्य सेवाओं व सामुदायिक कार्यों के लिए जाना जाता है। 

अमित शाह के बंगाल दौरे की खास बातें

-केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा-सूबे में भाजपा का शासन होने पर भ्रष्टाचार के सारे मामलों की कराई जाएगी उच्च जांच

-शाह ने बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान पूरे राज्य में बड़ी तादाद में केंद्रीय बलों की तैनाती के दिए संकेत

-मतदाताओं से कहा-निर्भय होकर डालें वोट, मतदान के दिन सड़क पर नहीं दिखेगा तृणमूल का एक भी गुंडा

-केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा-भाजपा के शासन में बंगाल में घुसपैठिए तो क्या, एक परिंदा भी पर नहीं मार पाएगा

-मछुआरों के लिए अलग मंत्रालय के गठन की कही बात, साल में छह हजार रुपये देने का भी दिया भरोसा

-गंगासागर को अंतरराष्ट्रीय स्तर के सांस्कृतिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने का आश्वासन।

chat bot
आपका साथी