भाजपा विधायक देबेंद्र नाथ राय के बाद एक और भाजपा कार्यकर्ता की हत्या, तृणमूल पर आरोप

उत्तर दिनाजपुर के हेमताबाद से भाजपा विधायक देबेंद्र नाथ राय की मौत का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ कि अब नदिया जिले में एक भाजपा कार्यकर्ता की कथित तौर पर हत्या का मामला सामने आया है

By Vijay KumarEdited By: Publish:Thu, 16 Jul 2020 06:53 PM (IST) Updated:Thu, 16 Jul 2020 06:53 PM (IST)
भाजपा विधायक देबेंद्र नाथ राय के बाद एक और भाजपा कार्यकर्ता की हत्या, तृणमूल पर आरोप
भाजपा विधायक देबेंद्र नाथ राय के बाद एक और भाजपा कार्यकर्ता की हत्या, तृणमूल पर आरोप

राज्य ब्यूरो,कोलकाता : उत्तर दिनाजपुर के हेमताबाद से भाजपा विधायक देबेंद्र नाथ राय की मौत का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ कि अब नदिया जिले में एक भाजपा कार्यकर्ता की कथित तौर पर हत्या का मामला सामने आया है। भाजपा ने इस हत्या का आरोप भी सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के गुंडों पर लगाया है। बताया जाता है कि नदिया के कृष्णानगर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में भीमपुर थाना अंतर्गत गलकाटा गांव में भाजपा कार्यकर्ता की हत्या कर दी गई। उसकी पहचान भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता बापी घोष (38) के रूप में हुई है। वह सक्रिय बूथ कार्यकर्ता था। घटना से परिजन सहमे हुए हैं।

आरोप है कि मंगलवार शाम में कथित तौर पर तृणमूल 5 गुंडों ने बापी घोष के सिर पर बांस और रड से हमला कर दिया। इसमें वह बुरी तरह घायल हो गए। उन्हें तुरंत कृष्णानगर जिला अस्पताल में ले जाया गया, जहां उनकी हालत बिगड़ने पर कोलकाता स्थित एनआरएस अस्पताल में रेफर किया गया, जहां बुधवार दोपहर को मौत हो गई। गुरुवार सुबह इस हत्या के खिलाफ कृष्णानगर में छाउथला इलाके में भाजपा कार्यकर्ताओं ने रास्ता अवरोध कर दिया। बाद में पुलिस प्रशासन ने लोगों को समझा-बुझाकर अवरोध हटवाया।

वहीं, मृतक के पिता निमाई घोष का करना है कि पहले उनका बेटा तृणमूल कांग्रेस में था, लेकिन कुछ दिनों पहले उसने पार्टी बदल ली थी। वह भाजपा के लिए प्रचार कर रहा था। इसी कारण तृणमूल कांग्रेस के लोगों ने उसकी हत्या कर दी। इधर, इस घटना के बाद राणाघाट से भाजपा सांसद जगन्नाथ सरकार भी परिजनों को सांत्वना देने उनके घर पहुंचे। उन्होंने परिवार के सदस्यों को ढांढस बंधाया।

इधर, पुलिस सूत्रों के अनुसार इस घटना के सिलसिले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनके नाम खाइरूल व बाबर अली है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। प्रदेश भाजपा का कहना है कि 2018 में पंचायत चुनाव से लेकर बंगाल में अबतक उसके 106 पार्टी कार्यकर्ताओं की हत्या की जा चुकी है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले बीते सोमवार को उत्तर दिनाजपुर के हेमताबाद से भाजपा विधायक देबेंद्र नाथ राय का शव फंदे से लटकता हुआ मिला था। भाजपा इसे हत्या बताते हुए इसके पीछे तृणमूल को जिम्मेदार ठहरा रही है।

chat bot
आपका साथी