बीएसएफ की सतर्कता से अंतरराष्ट्रीय सीमा पर 550 नारियल पौधों के साथ एक तस्कर पकड़ा गया

कमांडेंट जवाहर सिंह नेगी ने अपने जवानों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त की है जिसमें जवानों ने 01 तस्कर को 550 नारियल पौधे के साथ पकड़ा हैं। उन्होंने कहा कि यह उनके जवानों द्वारा ड्यूटी पर दिखाई गई सतर्कता के कारण ही संभव हो पाया है।

By Priti JhaEdited By: Publish:Fri, 17 Sep 2021 10:18 AM (IST) Updated:Fri, 17 Sep 2021 10:18 AM (IST)
बीएसएफ की सतर्कता से अंतरराष्ट्रीय सीमा पर 550 नारियल पौधों के साथ एक तस्कर पकड़ा गया
नारियल के पौधों के साथ गिरफ्तार तस्कर।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने उत्तर 24 परगना जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास तस्करी के प्रयासों को विफल करते हुए एक तस्कर को 550 नारियल के पौधों के साथ रंगे हाथों पकड़ा है। जब्त पौधों की अनुमानित कीमत 55,000 रुपये है। तस्कर इन सभी नारियल के पौधों को तस्करी के उद्देश्य से सीमा चौकी पानीतार, 153 वीं बटालियन के क्षेत्र से बांग्लादेश से भारत मे लाने का प्रयास कर रहे थे।

दक्षिण बंगाल फ्रंटियर की ओर से जारी एक बयान में बताया गया कि 16 सितंबर को सीमा चौकी पानीतार 153वीं बटालियन, सेक्टर कोलकाता के जवान दैनिक ड्यूटी पर थे। सुबह लगभग पांच बजे जवानों ने कुछ संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों को देखा जो 3-4 बड़े बैग के साथ अंतरराष्ट्रीय सीमा (बांग्लादेश से भारत) की ओर बढ़ रहे थे। नजदीक आने पर जब जवानों ने तस्करों को चुनौती दी तो वे वापस बांग्लादेश की तरफ भागने लगे लेकिन सतर्क जवानों ने उनका पीछा किया और उनमें से एक तस्कर को धर दबोचा।

जब इलाके की सघन तलाशी ली गई तो 550 नारियल के पौधे बरामद हुए।तस्कर की पहचान सन्यासी तरफदार (46), ग्राम - घोजाडांगा (दक्षिण पारा), थाना- बशीरहाट, जिला - उत्तर 24 परगना के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ के दौरान पकड़े गए तस्कर ने बताया कि वह भारतीय नागरिक है और पिछले काफी समय से तस्करी में शामिल है।

आगे उसने बताया कि 15 सितंबर को उसने बांग्लादेशी तस्कर मो. अली से 550 नारियल के पौधों को अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास खरीदा था। इन पौधों को लेकर वह वापस भारत मे आने की कोशिश में था कि इससे पहले ही बीएसएफ ने उसे सभी पौधों के साथ पकड़ लिया जबकि बांग्लादेशी तस्कर वापस भाग निकला। पकड़े गए तस्कर तथा जब्त सभी नारियल पौधों को अग्रिम कानूनी कार्यवाही हेतु कस्टम कार्यालय घोजाडांगा को सौंप दिया गया है।

बीएसएफ कमांडेंट ने जताई खुशी

इधर, 153वीं बटालियन के कमांडेंट जवाहर सिंह नेगी ने अपने जवानों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त की है, जिसमें जवानों ने 01 तस्कर को 550 नारियल पौधे के साथ पकड़ा हैं। उन्होंने कहा कि यह उनके जवानों द्वारा ड्यूटी पर दिखाई गई सतर्कता के कारण ही संभव हो पाया है। उन्होंने यह भी साफ तौर पर कहा कि वे अपने इलाके में किसी भी प्रकार की तस्करी होने नहीं देंगे। 

chat bot
आपका साथी