मछलियों में मार्फिन वायरस की अफवाह फैलाने के आरोप में चार गिरफ्तार

मछलियों में मार्फिन वायरस की अफवाह फैलाने के आरोप में सीआइडी ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

By Edited By: Publish:Sun, 09 Sep 2018 09:00 AM (IST) Updated:Sun, 09 Sep 2018 09:57 AM (IST)
मछलियों में मार्फिन वायरस की अफवाह फैलाने के आरोप में चार गिरफ्तार
मछलियों में मार्फिन वायरस की अफवाह फैलाने के आरोप में चार गिरफ्तार
जागरण संवाददाता, कोलकाता : मछलियों में मार्फिन वायरस की अफवाह फैलाने के आरोप में सीआइडी ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके नाम अमित दत्ता, अपराजिता रॉय, अभि कुंडू और संजीव विश्वास हैं। वे वाट्सएप ग्रुप से अफवाह फैला रहे थे। इनमें अमित, अपराजिता और अभि 'बनगांव लोकल' नामक उक्तवाट्सएप ग्रुप के एडमिन बताए जा रहे हैं। तीनों पर वाट्सएप ग्रुप बनाकर अफवाह साझा करने का आरोप है। संजीव संदेश वाहक बताया जा रहा है, जो उन्हें इस तरह की खबरें भेज रहा था। शनिवार को इसकी जानकारी सीआइडी (डीआइजी) परवेज निशांत ने दी। उन्होंने बताया कि अमित, अपराजिता और अभि प्रतिदिन बनगांव लोकल से कोलकाता आवाजाही करते हैं। यही कारण है कि तीनों ने 'बनगांव लोकल' नामक एक ग्रुप बना रखा था। उनके ग्रुप में 200 लोग शामिल हैं। उक्त ग्रुप से तीनों ने बंगाल सरकार के हवाले से एक मैसेज सर्कुलेट किया था। उसमें लिखा गया था कि उत्तर 24 परगना और हुगली जिले के चुंचुड़ा में आपूर्ति की जाने वाली मछलियों में मार्फिन वायरस मिले हैं। लगे हाथ लोगों को मछलियां नहीं खाने की हिदायत भी दी गई। मैसेज को विश्वसनीय बनाने के लिए राज्य सरकार के निर्देश का हवाला भी दिया गया था। यही नहीं, कुछ चिकित्सकों के नाम का उल्लेख भी किया गया था। इनके ग्रुप में फैला संदेश पुलिस के पास भी पहुंच गया। इसके बाद से ही सुरक्षा एजेंसियां चौकस हो गई और मैसेज की सत्यता का पता लगाने में जुट गई। सीआइडी की जांच टीम ने वाट्सएप ग्रुप का पता लगाया और शुक्रवार रात चारों को गिरफ्तार कर लिया। चारों से पूछताछ की जा रही है। सीआइडी (डीआइजी) का कहना है कि वाट्सएप ग्रुप में किसी तरह की अफवाह फैलाना संगीन अपराध की श्रेणी में आता है। उन्होंने लोगों को अफवाहों पर ध्यान न देकर किसी भी संदेश की पहले पड़ताल करने की सलाह दी।
chat bot
आपका साथी