ऐतिहासिक रेल स्टेशन पर मनाया गया पर्यटन दिवस

-ऐतिहासिक सिलीगुड़ी टाउन स्टेशन पर मनाया गया विश्व पर्यटन दिवस लगाई गई इतिहास की प्रदर्शनी

By JagranEdited By: Publish:Mon, 27 Sep 2021 07:05 PM (IST) Updated:Mon, 27 Sep 2021 07:05 PM (IST)
ऐतिहासिक रेल स्टेशन पर मनाया गया पर्यटन दिवस
ऐतिहासिक रेल स्टेशन पर मनाया गया पर्यटन दिवस

-सिलीगुड़ी टाउन स्टेशन पर लगाई गई इतिहास की प्रदर्शनी

-नगर निगम की प्रशासकीय समिति के चेयरमैन गौतम देव भी हुए सम्मिलित जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : देश-दुनिया के साथ-साथ सोमवार 27 सितंबर को यहां भी विश्व पर्यटन दिवस मनाया गया। इसे लेकर ऐतिहासिक सिलीगुड़ी टाउन स्टेशन पर सिलीगुड़ी, सिलीगुड़ी रेल स्टेशन, दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे, ट्वॉय ट्रेन, व पूरे उत्तर बंगाल के इतिहास से संबंधित चित्रों की प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में सिलीगुड़ी नगर निगम की प्रशासकीय समिति के चेयरमैन गौतम देव भी सम्मिलित हुए।

उन्होंने ऐतिहासिक सिलीगुड़ी रेल स्टेशन की जीर्ण-शीर्ण अवस्था पर चिंता जताई। कहा कि, यह रेल स्टेशन ब्रिटिश काल में बना था। इससे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, विश्वकवि रवींद्रनाथ टैगोर, भारतीय स्वाधीनता संग्राम के नायकों में से एक नेता जी सुभाषचंद्र बोस, चित्तरंजन दास, स्वामी विवेकानंद व अनगिनत महान भारतीयों की स्मृतियां संबद्ध हैं। इसका हर हाल में सरंक्षण किया जाना चाहिए। हमारी नेत्री ममता बनर्जी जब रेल मंत्री थीं तो उनके प्रयासों से इस दिशा में कार्य भी शुरू हुआ था मगर वर्तमान केंद्र सरकार ने उसे ठंडे बस्ते में डाल दिया। इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जबकि, यूनेस्को द्वारा विश्व धरोहर में शुमार दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे व उसके विश्व प्रसिद्ध ट्वॉय ट्रेन से संबद्ध ऐतिहासिक सिलीगुड़ी टाउन स्टेशन का जीर्णोद्धार कर हर हाल में इसका संरक्षण किया जाना चाहिए। इसे एक महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल के रूप में भी विकसित किया जा सकता है। यदि रेलवे खुद सह नहीं कर सकता तो सिलीगुड़ी नगर निगम को जिम्मेदारी दे दे, हम लोग इस ऐतिहासिक रेल स्टेशन का जीर्णोद्धार कर इसका संरक्षण कर इसे विकसित कर एक नया रूप देंगे।

इस अवसर पर पर्यटन जगत के लोगों द्वारा, सिलीगुड़ी टाउन स्टेशन पर ठहरी, दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे की ट्वॉय ट्रेन के यात्रियों को खादा भेंट कर उनका स्वागत व अभिनंदन भी किया गया। उल्लेखनीय है कि एसोसिएशन फॉर कंजर्वेशन एंड टूरिज्म (एक्ट) की ओर से विश्व पर्यटन दिवस को ले तीन दिवसीय उत्सव का आयोजन किया गया था, जो इस दिन उपरोक्त कार्यक्रम के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर एक्ट के संयोजक राज बसु व अन्य कई उपस्थित रहे। इसके अलावा भी इस दिन अन्य कई संगठन-संस्थाओं की ओर से विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।

chat bot
आपका साथी