भूकंप की अग्रिम जानकारी को यंत्र लगा रही है बंगाल सरकार

भूकंप या मौसम की अग्रिम जानकारी प्राप्त करने के लिए बंगाल सरकार राजारहाट न्यूटाउन में बन रहे विश्र्व बांग्ला गेटवे पर अत्याधुनिक स्कैनर लगा रही है

By Preeti jhaEdited By: Publish:Thu, 20 Sep 2018 10:58 AM (IST) Updated:Thu, 20 Sep 2018 11:20 AM (IST)
भूकंप की अग्रिम जानकारी को यंत्र लगा रही है बंगाल सरकार
भूकंप की अग्रिम जानकारी को यंत्र लगा रही है बंगाल सरकार

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। भूकंप या मौसम की अग्रिम जानकारी प्राप्त करने के लिए बंगाल सरकार राजारहाट न्यूटाउन में बन रहे विश्र्व बांग्ला गेटवे पर अत्याधुनिक स्कैनर लगा रही है। इसके जरिए मौसम सहित भूकंप आदि विनाशकारी परिस्थितियों के बारे में पहले से ही जानकारी मिल जाएगी। बुधवार को यह जानकारी राज्य के शहरी विकास मंत्री फिरहाद हकीम ने दी।

उन्होंने बताया कि जल्द ही इसका उद्घाटन होगा। इस विश्र्व बांग्ला गेट का उद्घाटन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के हाथों होगा। दुर्गा पूजा से पहले भी उद्घाटन होने की उम्मीद है। न्यूटाउन कोलकाता डेवलपमेंट अथॉरिटी की ओर से बनाए गए इस गेटवे में एक हैंगिंग रेस्तरां भी है।

आइआइटी-खड़गपुर के इंजीनियरों की मदद से इसका निर्माण कार्य पूरा किया जा रहा है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस विश्र्व बांग्ला गेटवे में एक अत्याधुनिक स्कैनर लगाया गया है जिसके जरिए आंधी-पानी सहित भूकंप आदि की विध्वंसक क्षमता के बारे में जानकारी मिल सकेगी।

इतना ही नहीं मेट्रो का काम चलने की वजह से अगर कंपन होता है तो उसकी भी क्षमता या तीव्रता की जानकारी इस स्कैनर से मापी जा सकेगी। इसके अलावा इस गेटवे पर जो हैंगिंग रेस्तरां बनाया गया है उसमें एक साथ 100 लोग बैठ कर खाना खा सकते हैं। इस बार होने वाले विश्र्व बांग्ला सम्मेलन में इस साल विशेष तौर पर इसकी जानकारी दी जाएगी। 

chat bot
आपका साथी