'स्वास्थ्य साथी' से मिला नया जीवन
-आग में झुलसी बालिका की हुई कई प्लास्टिक सर्जरी -विधवा मां ने जताया मुख्यमंत्री ममता बनर्जी क
-आग में झुलसी बालिका की हुई कई प्लास्टिक सर्जरी
-विधवा मां ने जताया मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का आभार जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : पश्चिम बंगाल सरकार की महत्वाकांक्षी योजना 'स्वास्थ्य साथी' की बदौलत यहां शहर के निकट फूलबाड़ी एक नंबर ग्राम पंचायत अंतर्गत जामुड़ीभिटा की रहने वाली दैनिक श्रमिक विधवा सरस्वती चक्रवर्ती की मात्र सात साल की पुत्री शिउली को नया जीवन मिला है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का हार्दिक आभार व्यक्त किया है। इसमें हर प्रकार से मदद हेतु उन्होंने फूलबाड़ी के तृणमूल कांग्रेस नेता गौतम गोस्वामी का भी आभार व्यक्त किया है।
उन्होंने बताया कि यह 31 जनवरी 2019 की बात है। उस दिन वह 100 दिन की रोजगार गारंटी योजना के तहत श्रम कार्य करने गई हुई थीं। अचानक कार्यस्थल पर ही उन्हें सूचना मिली कि उनकी पांच साल के पुत्री शिउली जल गई है। वह दौड़ी-दौड़ी घर आई तो पता चला कि अपनी गुड़िया का जन्मदिन मनाने के खेल के दौरान शिवउली को आग लग गई। इसमें उसके पेट का काफी भाग बुरी तरह झुलस गया था। वह आनन-फानन उसे नॉर्थ बंगाल मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एनबीएमसीएच) ले गई। वहां कुछ हद तक तो उपचार हुआ पर शरीर के जले भाग का संपूर्ण उपचार संभव न हो सका।
ऐसे में उन्होंने फूलबाड़ी अंचल के तृणमूल कांग्रेस नेता गौतम गोस्वामी संग संपर्क किया। उन्होंने चिकित्सा हेतु उनकी काफी मदद की। एक नर्सिग होम में लगभग डेढ़ साल तक उसका इलाज चलता रहा। पर, डॉक्टरों ने पूरी तरह बेहतर होने के लिए शिउली के शरीर में कई जगह प्लास्टिक सर्जरी की आवश्यकता बताई। मगर, उसके लिए उनके पास पर्याप्त राशि नहीं थी। सो, गौतम गोस्वामी ने पुन: लग-भिड़ कर उनका स्वास्थ्य साथी कार्ड बनवाया। उसके द्वारा शिउली की प्लास्टिक सर्जरी हो गई। अब वह और उसका परिवार बहुत खुश है।