तृणमूल व भाजपा छोड़ माकपा हर किसी के साथ : सूर्यकांत मिश्र

-गठबंधन किसी से नहीं पर सहयोग सभी धर्मनिरपेक्ष व लोकतांत्रिक विचारधारा वाली पार्टी संग -न

By JagranEdited By: Publish:Sat, 27 Nov 2021 08:02 PM (IST) Updated:Sat, 27 Nov 2021 08:02 PM (IST)
तृणमूल व भाजपा छोड़ माकपा हर किसी के साथ : सूर्यकांत मिश्र
तृणमूल व भाजपा छोड़ माकपा हर किसी के साथ : सूर्यकांत मिश्र

-गठबंधन किसी से नहीं, पर सहयोग सभी धर्मनिरपेक्ष व लोकतांत्रिक विचारधारा वाली पार्टी संग

-नगरपालिका व पंचायत चुनाव के लिए माकपा नीत वाममोर्चा अकेले दमदार जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : मा‌र्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के पश्चिम बंगाल प्रदेश सचिव सूर्यकांत मिश्र ने कहा है कि तृणमूल कांग्रेस व भाजपा को छोड़ कर माकपा हर किसी के साथ है। वह चाहे कांग्रेस हो, इंडियन सेक्युलर फ्रंट हो या कोई भी धर्म निरपेक्ष व लोकतांत्रिक विचारधारा वाली पार्टी हो। वह कोलकाता से यहां पहुंचने पर शनिवार को एनजेपी स्टेशन पर संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कलकत्ता नगर निगम के चुनाव के लिए माकपा नीत वाममोर्चा ने विभिन्न सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। वहीं, कई सीटें सहयोगी दलों के लिए खाली छोड़ रखी हैं।

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि वाममोर्चा के अलावा माकपा का गठबंधन किसी भी दल से नहीं होगा। मगर, तृणमूल कांग्रेस व भाजपा को छोड़ कर हर धर्म निरपेक्ष व लोकतांत्रिक विचारधारा वाली पार्टी संग सहयोगी रवैया रहेगा। वह चाहे कांग्रेस हो, इंडियन सेक्युलर फ्रंट हो या कोई भी हो। उनसे पूछा गया था कि पालिका चुनाव विशेष कर कलकत्ता नगर निगम चुनाव में माकपा का गठबंधन किसके साथ होगा?

एक और सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव, विधानसभा चुनाव व स्थानीय पालिका व पंचायत चुनाव पूरी तरह एक-दूसरे से अलग-अलग होते हैं। लोकसभा और विधानसभा चुनावों का असर स्थानीय चुनावों पर नहीं पड़ता। ये चुनाव स्थानीय मुद्दों पर होते हैं। इस मामले में माकपा नीत वाममोर्चा हर जगह अकेले अन्य सभी दलों से ज्यादा भारी व प्रभावशाली है। उनसे पूछा गया था कि लोकसभा और विधानसभा चुनावों में विपरीत परिणाम के बाद पालिका व पंचायत चुनावों में माकपा कितनी आशान्वित है? उल्लेखनीय है कि सूर्यकांत मिश्र माकपा की आंतरिक सांगठनिक बैठकों व सभाओं के लिए यहां आए हैं।

chat bot
आपका साथी