निकाह के 14वें दिन नवदंपति की रहस्यमय मौत

निकाह के 14वें दिन नवदंपति की रहस्यमय मौत

By JagranEdited By: Publish:Sun, 21 Nov 2021 11:45 PM (IST) Updated:Sun, 21 Nov 2021 11:45 PM (IST)
निकाह के 14वें दिन नवदंपति की रहस्यमय मौत
निकाह के 14वें दिन नवदंपति की रहस्यमय मौत

-पढ़ाई जारी रखने के लिए मायके जाने को ले कर चल रहा था विवाद

जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : निकाह के 14वें दिन एक नवदंपति की रहस्यमय मौत का मामला सामने आया है। रविवार सुबह यह घटना शहर से सटे प्रधान नगर थाना क्षेत्र के चंपासारी ग्राम पंचायत के देवीडांगा इलाके में घटी है। मृत दंपति की पहचान नुजहत नसरीन (19) और मशिउर रहमान (23) के रूप में हुई है। पुलिस ने शवों को बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल भेज दिया है। प्रधान नगर थाने की पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

शनिवार सुबह देवीडांगा के मनोज बस्ती इलाके में नवदंपति का फंदे से लटकता शव बरामद होने की खबर से सनसनी फैल गई। जानकारी मिलते ही सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस के एसीपी (पश्चिम) मनीष कुमार यादव, प्रधान नगर थाना प्रभारी शुभाशीष चाकी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव का पंचनामा कर पुलिस ने पोस्टमॉूर्टम के लिए भेजा। वहीं घटना स्थल की बारीकी से जांच की। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृत नवदंपति का निकाह बीते सात नवंबर को ही हुआ था। मृत नुजहत नसरीन उत्तर दिनाजपुर जिले के रामगंज इलाके की निवासी थी।

मृतका के परिवार वालों का आरोप है कि उनकी बेटी कभी आत्महत्या कर ही नहीं सकती। उसकी हत्या कर फंदे से लटका आत्महत्या का रूप दिया गया है। निकाह के बाद भी नुजहत पढ़ना चाहती थी। 12वीं में रजिस्ट्रेशन के लिए वह अपने मायके जाना चाहती थी। जबकि ससुराल वालों को उसका मायके जाना गवारा नहीं था। शनिवार की रात भी नुजहत की उसकी मां के साथ फोन पर बात हुई थी। उसने बताया था कि वह अपने ससुर यानी मशिउर के पिता से बात कर रविवार को बताएगी कि वह मायके आ कर 12वीं का रजिस्ट्रेशन करवाएगी या नहीं। मगर, रविवार की सुबह उसके आत्महत्या करने की खबर मिली।

वहीं, मृत मशिउर के पिता का कहना है कि नुजहत के मायके जाने को लेकर कोई समस्या नहीं थी। सोमवार उसके परिवार वालों से बात करने की बात उन्होंने स्वयं नुजहत से कही थी। रोजाना की तरह बीते शनिवार की रात भी परिवार के सभी लोग खाना खा कर अपने-अपने कमरे में सोने गए थे। रविवार सुबह काफी देर तक नुजहत और मशिउर कमरे से बाहर नहीं आए। कई बार आवाज लगाने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। कमरे का दरवाजा भी अंदर से बंद था। तब, कमरे का दरवाजा तोड़ कर भीतर गए दोनों को फंदे से लटकता पाया।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के पहले हत्या या आत्महत्या के संदर्भ में कुछ भी नहीं कहा जा सकता। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मृत मशिउर के पिता से पूछताछ की जा रही है।

chat bot
आपका साथी