एटीएम लूटने के आरोप में दो गिरफ्तार

एटीएम लूटने का प्रयास करने वाले दो युवकों को प्रधान नगर थाना की पुलिस ने किया गिरफ्तार।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 02 Aug 2021 10:20 PM (IST) Updated:Mon, 02 Aug 2021 10:20 PM (IST)
एटीएम लूटने के आरोप में दो गिरफ्तार
एटीएम लूटने के आरोप में दो गिरफ्तार

जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : एटीएम लूटने का प्रयास करने वाले दो युवकों को प्रधान नगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपितों की पहचान नरेंद्र शाह व राहुल सिंह के रूप में हुई है। उन्हें सोमवार को प्रधान नगर थाना पुलिस ने सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया। अदालत ने दोनों आरोपितों को चार दिन की रिमांड पर प्रधान नगर थाना पुलिस को सौंपा है। उल्लेखनीय है कि एटीएम लूटने की कोशिश के 24 घंटे के भीतर प्रधान नगर थाना पुलिस वारदात में शामिल दो युवकों को गिरफ्तार करने में सफल हुई है। गत 31 जुलाई की देर रात शहर से सटे प्रधान नगर थाना क्षेत्र के देबीडांगा इलाके में एक निजी बैंक के एटीएम को लूटने की कोशिश की गई थी। तोड़-फोड़ की आवाज सुन कर इलाकाई लोगों के आने की आहट पा कर बदमाशों का दल मौके से फरार हो गया। इलाकाई लोगों ने रातों-रात घटना की जानकारी प्रधान नगर थाना की पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मौका-ए-वारदात का जायजा लिया। उसके बाद प्रधान नगर थाना की पुलिस ने संबंधित बैंक प्रबंधन से एटीएम काउंटर का सीसीटीवी फूटेज मंगा कर जांच शुरू की व कामयाबी पाई।

प्रधान नगर थाना पुलिस की मानें तो आरोपितों में शामिल नरेंद्र शाह पिक-अप वैन चालक है। वारदात को अंजाम देने के लिए बदमाशों का एक दल उसी पिक-अप वैन में सवार हो कर पहुंचा था। एटीएम से रुपया नहीं निकाल पाने की स्थिति में बदमाश काउंटर से पूरा एटीएम निकालकर पिक-अप में लाद कर ले जाने की तैयारी में थे। उतने में स्थानीय लोगों को भनक लग गई। लोगों के आने की आहट सुन कर सभी बदमाश फरार हो गए। इस वारदात में गिरफ्तार दो युवकों के अलावा और भी कई लोगों के शामिल होने का संदेह पुलिस को है। गिरफ्तार आरोपितों को रिमांड पर लेकर प्रधान नगर थाना पुलिस पूछताछ के जरिए शामिल अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है।

chat bot
आपका साथी